आवारा कुत्तों-बिल्लियों की नसबंदी शुरू (pic credit; social media)
Maharashtra News: मीरा-भाईंदर मनपा ने शहर में आवारा कुत्तों और बिल्लियों की बढ़ती संख्या पर नियंत्रण के लिए शत-प्रतिशत नसबंदी और रेबीज टीकाकरण अभियान शुरू कर दिया है। यह अभियान केंद्र सरकार के पशु कल्याण बोर्ड और पशु जन्म नियंत्रण नियम 2023 के तहत संचालित किया जा रहा है।
मनपा प्रशासन ने बताया कि इस जिम्मेदारी को श्री प्रतापराव राणे एजुकेशन एंड चैरिटेबल ट्रस्ट को सौंपा गया है। फिलहाल यह अभियान भाईंदर पश्चिम के उत्तन, गावठन और मराठी स्कूल के पास चलाया जा रहा है।
मनपा ने शहरवासियों से अपील की है कि वे अपने इलाकों में मौजूद ऐसे कुत्तों और बिल्लियों की जानकारी दें, जिनकी अब तक नसबंदी और टीकाकरण नहीं हुआ है। इसके लिए नागरिक 8657021920 नंबर पर सूचना दे सकते हैं।
मनपा ने स्पष्ट किया है कि जिन कुत्तों की नसबंदी की जा चुकी है, उनके दाहिने कान पर ‘V’ आकार का निशान बनाया गया है। यह चिह्न उनकी पहचान में मदद करेगा। वहीं, जिन जानवरों पर यह निशान नहीं है, उन्हें अभियान के तहत पकड़कर नसबंदी व टीकाकरण के बाद फिर से उसी इलाके में छोड़ दिया जाएगा।
मनपा ने कहा है कि इस अभियान के दौरान पशुप्रेमी संगठनों और नागरिकों को किसी प्रकार की बाधा नहीं डालनी चाहिए। प्रशासन का मानना है कि यह कार्य जनहित और पशु कल्याण दोनों के लिए अत्यंत जरूरी है। नसबंदी और टीकाकरण से न केवल जानवरों की संख्या नियंत्रित होगी, बल्कि रेबीज जैसी बीमारियों का खतरा भी कम होगा।
शहर में आवारा कुत्तों और बिल्लियों की संख्या लगातार बढ़ने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आए दिन काटने की घटनाएं सामने आती हैं, जिससे नागरिकों की सुरक्षा पर सवाल उठते हैं। यही वजह है कि मनपा ने इस महत्वपूर्ण अभियान को शुरू किया है।
मनपा प्रशासन को उम्मीद है कि नागरिकों के सहयोग से यह अभियान सफल होगा और आने वाले समय में शहर को एक सुरक्षित व स्वस्थ वातावरण मिलेगा।