‘साथ आए हैं साथ रहने के लिए’, गठबंधन के ऐलान के वक्त क्या बोले उद्धव और राज ठाकरे?
Shiv Sena-MNS Alliance: स्थानीय निकाय चुनाव में हार के बाद उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे ने बीएमसी समेत 29 नगर निगम चुनावों के लिए गठबंधन का ऐलान किया। दोनों ने मराठी अस्मिता और BMC मेयर पर एक रुख दिखाया।
- Written By: आकाश मसने
उद्धव ठाकरे व राज ठाकरे (सोर्स: सोशल मीडिया)
Uddhav Raj Thackeray Statement: महाराष्ट्र के स्थानीय निकाय चुनावों में करारी हार के बाद विपक्षी दल अब पूरी तरह आक्रामक मोड में आ गए हैं। इसी कड़ी में मुंबई महानगरपालिका (BMC) चुनाव को लेकर राज्य की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। शिवसेना (यूबीटी) और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) ने बीएमसी समेत महाराष्ट्र के कुल 29 नगर निगम चुनाव एक साथ लड़ने का फैसला किया है। इस गठबंधन को आगामी नगर निगम चुनावों में सत्तारूढ़ महायुति के लिए बड़ी चुनौती माना जा रहा है।
मुंबई में आयोजित संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे ने गठबंधन की औपचारिक घोषणा की। इस मौके पर उद्धव ठाकरे ने भावनात्मक अंदाज में कहा कि महाराष्ट्र का नेतृत्व केवल ठाकरे ही कर सकते हैं। उन्होंने महाराष्ट्र आंदोलन का जिक्र करते हुए कहा कि 107 लोगों की शहादत के बाद महाराष्ट्र का गठन हुआ था और उस आंदोलन का नेतृत्व उनके दादा ने किया था। उन्होंने यह भी कहा कि उनके और राज ठाकरे के पिता उस ऐतिहासिक संघर्ष का हिस्सा थे।
मराठी अस्मिता और एकजुटता का संदेश
इस मौके पर उद्धव ठाकरे ने कहा कि महाराष्ट्र बनने के वर्षों बाद मराठी लोगों के अधिकारों की रक्षा के लिए शिवसेना की स्थापना हुई थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिवसेना (यूबीटी) और एमएनएस का यह गठबंधन मराठी अस्मिता और महाराष्ट्र के हितों की रक्षा के लिए है। उद्धव ठाकरे ने केंद्र की ओर इशारा करते हुए कहा कि हम दिल्ली में बैठे दो लोगों को रोकने आए हैं। हमारी सोच एक है और हम साथ रहने के लिए साथ आए हैं।
सम्बंधित ख़बरें
‘जनता त्रस्त मोदी मस्त’: नागपुर में शिवसेना UBT का अनोखा प्रदर्शन, बांटी मेलोडी चॉकलेट
‘मातोश्री बुलाकर मंत्री बनाना मेरी सबसे बड़ी भूल थी’, बच्चू कडू के शिंदे गुट में जाने पर भड़के उद्धव ठाकरे
18 साल बाद बरी हुए राज ठाकरे, रेलवे भर्ती आंदोलन, जानें कोर्ट ने फैसले में क्या कहा?
ठाकरे सेना को एक और तगड़ा झटका? हिंगोली के सांसद नागेश पाटिल आष्टीकर पहुंचे शिंदे के ‘नंदनवन’ आवास
‘अब नहीं टूटेंगे’ उद्धव का सख्त संदेश
उद्धव ठाकरे ने कहा कि मराठियों के संघर्ष और बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली में बैठे लोग महाराष्ट्र की ताकत को तोड़ने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने दो टूक कहा कि इस बार हमें नहीं टूटना है, अगर ऐसा हुआ तो यह हमारे बलिदान का अपमान होगा।
राज ठाकरे का ऐलान- मेयर मराठी ही होगा
इस मौके पर राज ठाकरे ने भी स्पष्ट शब्दों में कहा कि महाराष्ट्र और मुंबई किसी भी आपसी मतभेद से बड़े हैं। उन्होंने कहा कि आज हम दोनों भाई साथ हैं। सीटों का बंटवारा मायने नहीं रखता। मुंबई का मेयर मराठी ही होगा और वह हमारा ही होगा। राज ठाकरे के इस बयान को बीएमसी चुनाव का सबसे बड़ा राजनीतिक संदेश माना जा रहा है।
यह भी पढ़ें:- कांग्रेस ने कर दिया खेला, वंचित के साथ मिलाया हाथ, ठाकरे बंधुओं के ऐलान से पहले ही MVA में फूट!
शिवाजी पार्क से एकता का प्रतीकात्मक संदेश
गठबंधन के ऐलान से पहले ठाकरे ब्रदर्स शिवाजी पार्क पहुंचे। इस दौरान उद्धव ठाकरे के साथ उनके पुत्र आदित्य ठाकरे और राज ठाकरे के साथ उनके पुत्र अमित ठाकरे भी मौजूद थे। ठाकरे परिवार का एक साथ शिवाजी पार्क पहुंचना सियासी ही नहीं, बल्कि भावनात्मक रूप से भी अहम माना जा रहा है।
नेताओं की प्रतिक्रिया बीएमसी जीत का दावा
शिवसेना (यूबीटी) की प्रवक्ता प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि मौजूदा सरकार में जनता का कोई काम नहीं हुआ है और जनता के पैसे की लूट हुई है। उन्होंने गठबंधन को राजनीति नहीं, बल्कि सेवा का माध्यम बताया और दावा किया कि मेयर मराठी ही होगा। वहीं, संजय राउत ने इसे ऐतिहासिक दिन बताते हुए कहा कि यह राजनीतिक गठबंधन बीएमसी और अन्य नगर निगम चुनावों में निर्णायक जीत दिलाएगा।
