Mumbai Vidhan Bhavan Threat: मुंबई में विस उड़ाने की धमकी के चलते सुरक्षा अलर्ट जारी किया गया है। सुरक्षा एजेंसियों ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है।
गुरुवार को महाराष्ट्र विधान भवन और मुंबई के अन्य प्रमुख स्थानों पर मिसाइल और बम हमलों की धमकी वाले एक ईमेल के बाद यह अलर्ट जारी किया गया। बम की धमकी मिलने के बाद अधिकारियों ने विधानसभा परिसर में व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया।
विधान परिषद के अध्यक्ष राम शिंदे ने जानकारी दी कि सुबह छह बजकर 57 मिनट पर विधानसभा के आधिकारिक ईमेल अकाउंट पर प्राप्त ईमेल में विधान भवन परिसर, बंबई स्टॉक एक्सचेंज, मुंबई उच्च न्यायालय, मुंबई मेट्रो और एक बैंक पर संभावित हमलों का जिक्र था।
शिंदे ने कहा कि धमकी भरे ईमेल का संबंध खालिस्तान समर्थकों से हो सकता है, लेकिन इस बारे में अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। तलाशी के बाद पुलिस ने कहा कि विधानमंडल परिसर में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला और प्रारंभिक जांच से पता चला कि धमकी अफवाह थी।
अधिकारियों ने बताया कि बम का पता लगाने वाले और उसे निष्क्रिय करने वाले दस्ते ने बाद में परिसर को सुरक्षित घोषित कर दिया। ईमेल में संभावित मिसाइल और बम हमलों का जिक्र किया गया है, और यह ईमेल ऐसे समय में आया है जब राज्य विधानमंडल का बजट सत्र जारी है।
सुरक्षा एजेंसियों ने स्थिति पर बारीकी से नजर रखी है और जांच पूरी होने के बाद और अधिक जानकारी साझा की जाएगी।