PM मोदी का मणिपुर दौरा तय! संजय राउत का हमला, बोले- अब प्रधानमंत्री पद से हटने का समय आ गया

sanjay Raut News: संजय राउत ने पीएम मोदी के संभावित मणिपुर दौरे पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि जब राज्य जल रहा था तब नहीं गए, अब प्रधानमंत्री पद से हटने का समय आ गया तो ‘पर्यटन’ पर निकल रहे हैं।
सांसद संजय राउत (pic credit; social media)
सांसद संजय राउत (pic credit; social media)
Published on
Updated on

Sanjay Raut on PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस महीने मणिपुर का दौरा कर सकते हैं। मई 2023 में भड़की जातीय हिंसा के बाद यह उनका पहला दौरा होगा। हालांकि दिल्ली या इंफाल से इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है, लेकिन अधिकारियों के मुताबिक पीएम मोदी 13 सितंबर को मिजोरम से मणिपुर पहुंचेंगे और रेलवे की एक महत्वपूर्ण परियोजना का उद्घाटन करेंगे।

इस खबर पर शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत ने पीएम मोदी पर करारा हमला बोला है। राउत ने कहा कि  प्रधानमंत्री मणिपुर जा रहे हैं तो इसमें बड़ी बात क्या है? जब राज्य जल रहा था और हिंसा भड़क रही थी, तब वहां जाने की हिम्मत क्यों नहीं दिखाई? अब जब प्रधानमंत्री पद से जाने का समय आ गया है, तब वे पर्यटन करने जा रहे हैं।

मणिपुर में भड़की हिंसा का मामला संसद में भी गूंज चुका है। विपक्ष लगातार मोदी सरकार को निशाने पर लेता रहा है। विपक्ष का आरोप रहा है कि प्रधानमंत्री ने हिंसा प्रभावित मणिपुर का दौरा तक नहीं किया और स्थिति को गंभीरता से नहीं लिया। इसी बीच, चुराचांदपुर जिले को ‘ड्रोन निषिद्ध क्षेत्र’ घोषित कर दिया गया है। जिलाधिकारी धरुण कुमार एस ने आदेश जारी कर कहा कि वीवीआईपी दौरे के दौरान सुरक्षा को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। चुराचांदपुर, कुकी समुदाय का गढ़ है और मिजोरम से सटा हुआ है।

गौरतलब है कि मई 2023 में मणिपुर में मेइती और कुकी समुदायों के बीच संघर्ष भड़क गया था। इस जातीय हिंसा में अब तक 260 से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है और हजारों लोग बेघर हो गए हैं। प्रधानमंत्री का यह दौरा राजनीतिक और सामाजिक दोनों ही दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा है।

13 सितंबर को मणिपुर पहुंचेंगे पीएम मोदी

आइजोल में अधिकारियों के अनुसार, पीएम मोदी मिजोरम का दौरा करने के बाद 13 सितंबर को मणिपुर पहुंचेंगे, जहां वह रेलवे की एक परियोजना का उद्घाटन करेंगे। हालांकि, नई दिल्ली या इंफाल से इस यात्रा की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। बीजेपी की मणिपुर इकाई ने भी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

मई 2023 में भड़की थी जातीय हिंसा

मई 2023 में राज्य में जातीय हिंसा भड़कने के बाद से यह प्रधानमंत्री का मणिपुर का पहला दौरा होगा। राज्य में मेइती और कुकी समुदायों के बीच संघर्ष में 260 से ज़्यादा लोग मारे गए हैं और हजारों लोग बेघर हो गए हैं। चुराचांदपुर, जिसे 'ड्रोन निषिद्ध क्षेत्र' घोषित किया गया है, कुकी समुदाय का गढ़ है और मिजोरम से सटा हुआ है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com