‘ट्रंप साहब, यह भारत का आंतरिक मामला है’, बंगाल की जीत पर पीएम मोदी को बधाई देने पर भड़के संजय राउत
Sanjay Raut letter to Donald Trump: बंगाल चुनाव में मोदी की जीत पर बधाई देने पर संजय राउत ने डोनाल्ड ट्रंप को पत्र लिख दी नसीहत। कहा- चुनाव निष्पक्ष नहीं थे।
- Written By: अनिल सिंह
बंगाल की जीत पर मोदी को ट्रंप की बधाई, भड़के संजय राउत (फोटो क्रेडिट-X)
Sanjay Raut vs Donald Trump: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों ने न केवल भारत, बल्कि वैश्विक राजनीति का ध्यान भी अपनी ओर खींचा है। राज्य में भाजपा की जीत और ममता बनर्जी सरकार के भंग होने के बाद अब सरकार गठन की तैयारी चल रही है। इसी बीच, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फोन कर इस ‘निर्णायक’ जीत पर बधाई दी। व्हाइट हाउस के प्रवक्ता कुश देसाई के अनुसार, ट्रंप ने पीएम मोदी के नेतृत्व की प्रशंसा की है। हालांकि, इस अंतरराष्ट्रीय बधाई ने भारत में विपक्षी खेमे, विशेषकर संजय राउत को नाराज कर दिया है।
संजय राउत ने सोशल मीडिया के माध्यम से राष्ट्रपति ट्रंप को सीधे संबोधित करते हुए एक पत्र साझा किया। उन्होंने लिखा कि एक सांसद के तौर पर उन्हें ट्रंप का यह हस्तक्षेप ‘जल्दबाजी’ भरा और ‘अनुचित’ लगता है। राउत ने तर्क दिया कि बंगाल का चुनाव भारत के संघीय लोकतंत्र का एक आंतरिक हिस्सा है और विदेशी नेताओं को इसके परिणामों पर मुहर लगाने से पहले जमीनी हकीकत और शिकायतों पर गौर करना चाहिए।
संस्थागत निष्पक्षता और चुनाव आयोग पर प्रहार
अपने पत्र में संजय राउत ने चुनाव आयोग (EC) की भूमिका पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने लिखा कि आम जनता के बीच यह धारणा है कि आयोग ने निष्पक्ष होकर काम नहीं किया और उसका झुकाव पूरी तरह सत्ताधारी दल (BJP) की ओर था। उन्होंने ट्रंप को याद दिलाया कि लोकतंत्र केवल चुनाव कराने का नाम नहीं है, बल्कि यह सुनिश्चित करना भी है कि प्रक्रिया विश्वसनीय हो। राउत ने कहा कि जब चुनावी शुचिता पर गंभीर सवाल उठ रहे हों, तो बाहरी देशों द्वारा जश्न मनाया जाना लोकतंत्र के मूल्यों के खिलाफ है।
सम्बंधित ख़बरें
शिंदेसेना के साथ काम करेंगे गोकुल गीते, बने सहयोगी सदस्य, आखिर कैसे सफल रहा उदय सामंत का खेल?
मुंबई: मध्य रेल के 11 कर्मचारियों को मिला महाप्रबंधक संरक्षा पुरस्कार, समय रहते टालीं थीं संभावित दुर्घटनाएं
बैंकॉक से लाया जा रहा ₹2.27 करोड़ का हाइड्रोपोनिक वीड, मुंबई एयरपोर्ट पर कस्टम्स की बड़ी कार्रवाई, दबोचा तस्कर
‘मैं टिकट मांगने मातोश्री नहीं गया था, मुझे खुद बुलाया गया’, शिंदे गुट में शामिल होते ही बरसे संजय दीना पाटिल
ये भी पढ़ें- नीलेश लंके की और बिगड़ी तबियत, अहिल्यानगर में इलाज के बाद अब पुणे में भर्ती; समर्थकों में चिंता
केंद्रीय बलों और डर के माहौल का जिक्र
संजय राउत ने बंगाल में केंद्रीय सुरक्षाबलों की बड़े पैमाने पर तैनाती को ‘जबरदस्ती का माहौल’ करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि बलों का उपयोग सुरक्षा के लिए कम और मतदाताओं को डराने के लिए ज्यादा किया गया। ममता बनर्जी द्वारा उठाए गए अनियमितता के दावों का समर्थन करते हुए राउत ने ट्रंप से आग्रह किया कि वे इस मामले में अधिक ‘जानकारीपूर्ण’ और ‘संतुलित’ दृष्टिकोण अपनाएं, न कि केवल एकतरफा सूचनाओं के आधार पर प्रतिक्रिया दें।
वॉइट हाउस का रुख और भविष्य की राजनीति
दूसरी ओर, वॉइट हाउस ने भाजपा की जीत को ‘अभूतपूर्व’ बताया है। डोनाल्ड ट्रंप ने पहले भी पीएम मोदी को अपना अच्छा मित्र बताया था और बंगाल के नतीजों को मोदी की लोकप्रियता का प्रमाण माना है। हालांकि, संजय राउत का यह खुला पत्र इस बात की ओर संकेत करता है कि विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ (INDIA) इस चुनावी परिणाम को आसानी से स्वीकार करने के मूड में नहीं है और वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपना विरोध दर्ज कराने से पीछे नहीं हटेंगे।
