

Sanjay Raut on Shibu Soren Death: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा पार्टी के संस्थापक शिबू सोरेन का आज (4 अगस्त) 81 की उम्र में निधन हो गया। उनके निधन पर शिवसेना यूबीटी सांसद संजय राउत ने शोक व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने शिबू सोरेन के साथ उनकी मुलाकाते साझा की।
झामुमो संरक्षक और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन का निधन पर शिवसेना यूबीटी सांसद संजय राउत ने कहा, "हम हमेशा शिबू सोरेन के बारे में सोचते हैं। एक आदिवासी राज्य, पिछड़े राज्य से आने वाले, वह व्यक्ति राष्ट्रीय राजनीति में शामिल हुए। झारखंड के लोगों के लिए, वह किसी भगवान से कम नहीं थे।"
संजय राउत ने बताया, "शिबू सोरेन राज्यसभा के सदस्य हैं, और उनकी सीट मेरे ठीक बगल में है। जब भी मैं जाता हूं, शिबू सोरेन का नाम देखता हूं और उन्हें याद करता हूं। मैं हमेशा उनकी पार्टी के सांसदों से उनके स्वास्थ्य के बारे में पूछता था। दो दिन पहले, मुझे बताया गया कि वह ठीक नहीं थे, और आज उनका निधन हो गया।"
संजय राउत ने श्रद्धांजलि देते हुए कहा, "उद्धव ठाकरे और पूरा परिवार उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करता है। उन्होंने अपने राज्य की आदिवासी आबादी के कल्याण के लिए शिबू सोरेन जी ने अपना संघर्षमय जीवन दे दिया था। झारखंड को अलग से राज्य का दर्जा मिला है, उसमें शिबू सोरेन का संघर्ष और योगदान हम कभी भूल नहीं सकते।"
शिबू सोरेन के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, "श्री शिबू सोरेन जी एक ज़मीनी नेता थे, जिन्होंने जनता के प्रति अटूट समर्पण के साथ सार्वजनिक जीवन में ऊंचाइयों को छुआ। वे आदिवासी समुदायों, गरीबों और वंचितों के सशक्तिकरण के लिए विशेष रूप से समर्पित थे। उनके निधन से दुःख हुआ। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और प्रशंसकों के साथ हैं। झारखंड के मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन जी से बात की और संवेदना व्यक्त की। ओम शांति।"
आपको जानकारी दें, कि झामुमो के संस्थापक का किडनी की बीमारी के चलते पिछले कई दिनों से इलाज चल रहा था। शिबू सोरेन को दिल्ली के गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां आज सुबह उनका देहांत हो गया।