अजित पवार विमान हादसा: रोहित पवार का प्रफुल्ल पटेल पर बड़ा हमला, ‘वीएसआर वेंचर्स’ के TDP कनेक्शन पर सवाल
Rohit Pawar vs Praful Patel: रोहित पवार ने प्रफुल्ल पटेल और वीएसआर वेंचर्स के बीच कथित संबंधों पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने अजित पवार विमान हादसे की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
- Written By: अनिल सिंह
Rohit Pawar vs Praful Patel (फोटो क्रेडिट-X)
VSR Ventures TDP Connection: महाराष्ट्र की राजनीति में पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार की विमान दुर्घटना में हुई मौत के बाद शुरू हुआ विवाद अब एक नए मोड़ पर पहुंच गया है। एनसीपी (शरद पवार) गुट के विधायक रोहित पवार ने सत्ताधारी एनसीपी के कार्यकारी अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल पर गंभीर आरोप लगाते हुए ‘वीएसआर वेंचर्स’ (VSR Ventures) के साथ उनके कथित संबंधों को उजागर किया है। रोहित पवार का दावा है कि प्रफुल्ल पटेल को इस फर्म और तेलुगु देशम पार्टी (TDP) के बीच के करीबी रिश्तों की पूरी जानकारी थी, जिसे उन्होंने जनता से छिपाया।
बता दें कि 28 जनवरी को जिस विमान दुर्घटना में अजित पवार की जान गई थी, उसे ‘वीएसआर वेंचर्स’ ही ऑपरेट कर रही थी। रोहित पवार ने सवाल उठाया है कि अगर पटेल वास्तव में अजित दादा के करीबी थे, तो उन्होंने जांच में हो रही देरी और टीडीपी कनेक्शन पर चुप्पी क्यों साधे रखी? दूसरी ओर, एनसीपी के मुख्य सचेतक अनिल पाटिल ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इन्हें बेबुनियाद बताया है।
शादी समारोह और राजनीतिक रसूख के आरोप
रोहित पवार ने आरोप लगाया है कि वीएसआर वेंचर्स के मालिक वी.के. सिंह के बेटे की शादी में प्रफुल्ल पटेल, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू और केंद्रीय विमानन मंत्री सहित कई दिग्गज नेता शामिल हुए थे। रोहित के अनुसार, मध्य प्रदेश के भी एक बड़े नेता इस समारोह का हिस्सा थे। उन्होंने तंज कसते हुए पूछा कि जब इतने बड़े राजनेता एक छोटे व्यवसाई के पारिवारिक कार्यक्रम में कतारबद्ध नजर आते हैं, तो इस मामले की निष्पक्ष जांच की उम्मीद कैसे की जा सकती है? उनके मुताबिक, ये संबंध जांच को प्रभावित कर रहे हैं।
सम्बंधित ख़बरें
मिलावटखोरों का खेल खल्लास! महाराष्ट्र में अब लगेगा मकोका; आईएएस तुकाराम मुंढे का माफियाओं को आखिरी अल्टीमेटम
सेजल की जगह शबाना होती तो अब तक बुलडोजर चल जाता…MBBS छात्रा की भद्दी कॉमेडी पर वारिस पठान का तीखा हमला
भंडारा में NCP का स्थापना दिवस समारोह, आगामी चुनावों को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह
‘वह हमारी सदस्य नहीं’: MBBS छात्रा सेजल पवार के वीडियो विवाद पर KEM MARD का बड़ा बयान, जानें ऐसा क्यों कहा?
ये भी पढ़ें- गाली देने पर 500 रुपये का जुर्माना, अहिल्या नगर की एक ग्राम पंचायत में पारित हुआ प्रस्ताव
केंद्रीय मंत्री को हटाने की मांग और DGCA की भूमिका
जांच प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए रोहित पवार ने दावा किया कि ‘डायरेक्टर जनरल ऑफ सिविल एविएशन’ (DGCA) इस मामले की ठीक से जांच नहीं कर पा रहा है। उन्होंने इसके पीछे का कारण केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय का नेतृत्व टीडीपी नेता के. राममोहन नायडू द्वारा किया जाना बताया। रोहित पवार ने मांग की है कि जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक निष्पक्षता बनाए रखने के लिए केंद्रीय मंत्री को अस्थाई रूप से उनके पद से हटा देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक प्रभाव के चलते ही विमान के क्रैश होने के असली कारणों को दबाया जा रहा है।
एनसीपी का पलटवार और सबूतों की मांग
रोहित पवार के इन तीखे हमलों पर सत्ताधारी एनसीपी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। विधायक अनिल पाटिल ने स्पष्ट किया कि प्रफुल्ल पटेल कभी भी वी.के. सिंह के बेटे की शादी में शामिल नहीं हुए थे। पाटिल ने रोहित पवार को चुनौती देते हुए कहा कि वे केवल सनसनी फैलाने के लिए झूठे आरोप न लगाएं और यदि उनके पास कोई ठोस जानकारी है, तो उसे ‘भरोसेमंद सबूतों’ के साथ पेश करें। एनसीपी नेताओं का मानना है कि रोहित पवार सहानुभूति बटोरने और सरकार की छवि खराब करने के लिए एक दुखद दुर्घटना का राजनीतिकरण कर रहे हैं।
