पायलट की गलती से हुआ विमान हादसा! अजित पवार प्लेन कैश मामले में VSR कंपनी के मालिक का बड़ा खुलासा

Ajit Pawar Plane Crash: अजित पवार विमान हादसे में VSR एयरलाइंस के मालिक वीके सिंह ने पायलट सुमित कपूर पर लापरवाही का आरोप लगाया है। CID पूछताछ में सिंह ने पायलट को लेकर बड़ा खुलासा किया।
Ajit Pawar Plane Crash VSR Airlines Owner VK Singh Statement
VSR कंपनी के मालिक वीके सिंह (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

VSR Airlines Owner VK Singh Statement: महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार विमान हादसे में एयरलाइंस कंपनी वीएसआर के मालिक वीके सिंह ने बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने दावा किया है कि प्लेन के पायलट सुमित कपूर की गलती से यह हादसा हुआ है। सिंह ने यह जानकारी सीआईडी से हुई पूछताछ में शेयर की है। सीआईडी की टीम पिछले तीन दिनों से सिंह से कड़ी पूछताछ की है। इस पूछताछ के दौरान सिंह ने हादसे के समय की सही स्थिति के बारे में डिटेल में जानकारी दी।

क्या बोले वीके सिंह?

वीके सिंह ने अपने बयान में साफ कहा है कि यह भयानक हादसा पायलट सुमित कपूर की गलती की वजह से हुआ होगा। सिंह ने यह भी कहा कि अगर इस हादसे में अगर मेरी कोई गलती है तो मुझे कड़ी सजा दें। सीआईडी प्लेन के ब्लैक बॉक्स और एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से हुई बातचीत विस्तार से जांच कर रही है। शुरुआत में यह अंदेशा जताया गया कि यह विमान हादसा खराब मौसम की वजह से हुआ है, लेकिन अब पायलट के फैसले पर सवाल उठ रहे हैं। वीएसआर कंपनी के मालिक ने इसका पूरा ठीकरा इस हादसे में मारे गए पायलट कपूर पर फोड़ दिया है।

पायलट कपूर का पूरा रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है

वीएसआर कंपनी के मालिक सिंह के खुलासे के बाद सीआईडी पायलट कपूर के सारे पुराने रिकॉर्ड खंगाल रही है। उनके पिछले फ्लाइट रिकॉर्ड और उस दिन उनकी मेंटल और फिजिकल कंडीशन के बारे में जानकारी इकट्ठा कर रही है।

ड्यूटी के दौरान शराब सेवन के दो मामले

मिली जानकारी के मुताबिक पायलट सुमित कपूर के खिलाफ ड्यूटी के दौरान शराब सेवन के दो मामले दर्ज हो चुके थे। पहली घटना साल 2010 की है जब मेडिकल जांच में उनका अल्कोहल टेस्ट पॉजिटिव पाया गया था। इस गंभीर लापरवाही के बाद संबंधित एयरलाइन ने उन्हें अपनी सेवा से हटा दिया था। इसके बाद साल 2017 में वे एक बार फिर ड्यूटी के दौरान शराब सेवन करते हुए पकड़े गए। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए नागरिक उड्डयन प्राधिकरण ने उन्हें तीन वर्षों के लिए निलंबित कर दिया था। इसके बाद कपूर ने कुछ समय तक फ्रीलांस पायलट के रूप में काम किया। खास बात यह है कि वे पिछले पांच साल से वीएसआर कंपनी को अपनी सेवाएं दे रहे थे।

रोहित पवार ने भी उठाए है सवाल

वीएसआर कंपनी के कामकाज के तरीके को लेकर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के विधायक रोहित पवार लगातार सवाल उठा रहे हैं। उनका आरोप है कि कंपनी अपने एयरक्राफ्ट की सही तरीके से मेन्टेन्स नहीं कर रही थी। रोहित का यह भी कहना है कि वीएसआर कंपनी की पहुंच नेताओं तक है । इस वजह से सिंह को बचाया जा रहा है। उन्होंने इस हादसे के पीछे बड़ी साजिश का अंदेशा जताया है।

28 जनवरी को हुआ था हादसा

28 जनवरी की सुबह तत्कालीन डीसीएम अजित पवार वीएसआर कंपनी की जेट विमान से मुंबई से बारामती के लिए रवाना हुए थे। लेकिन यह छोटा विमान बारामती एयरपोर्ट पर लैंडिंग से पहले हादसे का शिकार हो गया। इस हादसे में अजित पवार समेत 5 लोगों की मौत हो गई थी। इसमें मुख्य पायलट सुमित कपूर भी शामिल थे।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com