अमृत भारत एक्सप्रेस (सोर्स: सोशल मीडिया)
Panvel To Alipurduar Amrit Bharat Express: मुंबई के पनवेल से नार्थ ईस्ट के अलीपुरद्वार तक चलने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस की यात्रा नियमित रूप से शुरू हो गई है। अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस यह ट्रेन मुंबई से चलने वाली दूसरी सबसे ज्यादा दूरी की ट्रेन है,जो 2377 किमी का लंबा सफर 50 घंटे में तय करेगी। गौरतलब है कि मुंबई के लोकमान्य तिलक टर्मिनस से सीधे आसाम तक 3,147 किमी तक सबसे लंबी दूरी तय करने वाली डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस (15945) है,जो लगभग 60 घंटे 45 मिनट में सफर तय करती है। यह ट्रेन सप्ताह में दो दिन बुधवार और शनिवार को चलती है।
23 फरवरी से शुरू हुई अमृत भारत एक्सप्रेस के माध्यम से देश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों के बीच रेल संपर्क बढ़ेगा। यह ट्रेन महाराष्ट्र, एमपी, यूपी, बिहार सहित नॉर्थ ईस्ट के यात्रियों के लिए सुविधाजनक साबित होगी। यह ट्रेन खासतौर पर कम और मध्यम आय वाले यात्रियों के लिए बनाई गई है ताकि वे आरामदायक और किफायती सफर कर सकें। पनवेल-अलीपुरद्वार अमृत भारत एक्सप्रेस हफ्ते में एक बार दोनों तरफ से चलेगी। इस ट्रेन का ट्रैवल टाइम करीब 50 घंटे का है।
पनवेल से अलीपुरद्वार जाते समय इसका नंबर 11031 होगा। ट्रेन हर सोमवार दोपहर 11:50 बजे पनवेल से रवाना होगी और तीसरे दिन बुधवार दोपहर 1:50 बजे अलीपुरद्वार पहुंचेगी। इसी तरह वापसी में अलीपुरद्वार से पनवेल 11032 अमृत भारत हर गुरुवार सुबह 4:45 बजे चलेगी और शनिवार सुबह 5:30 बजे पनवेल पहुंचेगी।
लंबी यात्रा के दौरान यह ट्रेन कुल 35 स्टेशनों पर रुकेगी। प्रमुख स्टॉप में कल्याण, नासिक रोड, जलगांव, भुसावल, इटारसी, जबलपुर और प्रयागराज छिवकी के रास्ते गुजरेगी। पूर्वी हिस्से में इसके महत्वपूर्ण ठहराव किशनगंज, कटिहार, न्यू जलपाईगुड़ी और सिलीगुड़ी होंगे। ट्रेन अपने लंबे रूट में दानापुर के रास्ते गुजरेगी। इसके अलावा रूट पर कई तकनीकी और ऑपरेशनल प्वाइंट तय किए गए हैं ताकि लंबी दूरी की यात्रा सुरक्षित और सुचारू रहे। इसमें भुसावल और जबलपुर को मुख्य क्रू चेंज स्टेशन बनाया गया है, जहां लोको पायलट और गार्ड बदलते हैं। पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन और न्यू जलपाईगुड़ी जैसे स्टेशन महत्वपूर्ण ऑपरेशनल स्टॉप होंगे।
अमृत भारत एक्सप्रेस में कुल 22 कोच हैं। इनमें 8 कोच स्लीपर क्लास, आरक्षित यात्रियों के लिए हैं। जबकि 11 कोच जनरल सेकेंड क्लास के हैं। इसके अलावा, ट्रेन में 1 पैंट्री कार खाना-पीना उपलब्ध कराने के लिए और 2 लगेज-कम-गार्ड ब्रेक वैन सामान और सुरक्षा व्यवस्था के लिए शामिल है।
यह भी पढ़ें:- गोंदिया-जबलपुर रेल ट्रैक डबलिंग के लिए 5,236 करोड़ मंजूर, मोदी कैबिनेट की स्वीकृति
स्लीपर क्लास में पूरे सफर का किराया 1,035 रुपये तय किया गया है। इतनी लंबी दूरी तक यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए यह किराया काफी किफायती है। इस ट्रेन का टिकट IRCTC वेबसाइट,ऐप या रेलवे स्टेशन के टिकट काउंटर से बुक किया जा सकेगा।