

New Thane Railway Station Between Thane Mulund: ठाणे एवं मुलुंड के बीच के इलाकों में रहने वालों के लिए अच्छी खबर है। लोकल ट्रेनों से यात्रा करने के लिए उन्हें सबसे अधिक व्यस्त रेलवे स्टेशनों में शुमार ठाणे आने की जरुरत नहीं होगी।
ठाणे एवं मुलुंड स्टेशनों के बीच एक नए रेलवे स्टेशन के निर्माण का रास्ता आखिरकार साफ हो गया है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस संबंध में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को एक पत्र भेजा है। रेलवे स्टेशन को पहले ही मंजूरी मिल गई थी। लेकिन लागत का मुद्दा लंबित था।
इस परियोजना पर लगभग 245 करोड़ रुपये खर्च होंगे। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस एवं रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के बीच बैठक के बाद स्टेशन के निर्माण में तेजी आने की संभावना जतायी गयी है।
मुख्यमंत्री फडणवीस ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के पत्र के साथ सोशल मीडिया पर पोस्ट में कहा है कि मुंबई महानगर क्षेत्र में कम्युनिकेशन के लिए नई गति मिलेगी। ठाणे-मुलुंड के बीच एक नए उप नगरीय रेलवे स्टेशन के निर्माण को तत्त्वतः मान्यता देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का दिल से शुक्रिया! केंद्र व राज्य सरकार के बीच समन्वय से मुंबई महानगर क्षेत्र में परिवहन व्यवस्था को और अधिक सक्षम एवं गतिमान बनाने में निश्चित रूप से मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा है कि इस फैसले से मुंबई महानगर क्षेत्र (एमएमआर) की कनेक्टिविटी और ज्यादा मजबूत होगी, रोज यात्रा करने वाले लाखों नौकरीपेशा लोगों और छात्रों को अब अपने घर लौटने में वक्त भी कम लगेगा, साथ ही सुविधा भी मिलेगी।
ठाणे स्मार्ट सिटी के तहत ठाणे और मुलुंड के बीच मनोरोग अस्पताल के निकट एक नया रेलवे स्टेशन बनाया जाना है। रेलवे परिचालन क्षेत्र में ट्रैक निर्माण, रेलवे स्टेशन बिल्डिंग का निर्माण जैसे सहायक कार्य रेलवे की तरफ से किए जा रहे हैं, जबकि परिचालन क्षेत्र के बाहर डेक, रैंप जैसे सहायक कार्य स्मार्ट सिटी की तरफ से किया जा रहा है। नया स्टेशन बनने से आसपास के रियल एस्टेट सेक्टर और स्थानीय व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा। मध्य रेलवे के ठाणे व मुलुंड दो महत्वपूर्ण स्टेशनों के बीच एक नए रेलवे स्टेशन के निर्माण को लेकर पिछले कई वर्षों से चर्चा चल रही है। शुरू में इस प्रोजेक्ट की लागत 120 करोड़ रुपये थी, लेकिन अब इसका खर्च बढ़ कर 245 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
न्यू ठाणे रेलवे स्टेशन को लेकर मंत्री वैष्णव के साथ पहले भी स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने बैठक की थी, रेलवे सलाहकार समिति की बैठक में सांसद नरेश म्हस्के ने न्यू ठाणे स्टेशन का मामला उठा कर अपनी नाराजगी का इजहार किया था।
यह स्टेशन ठाणे और मुलुंड स्टेशनों के बीच की दूरी को संतुलित करेगा। इससे ठाणे स्टेशन पर होने वाली यात्रियों की भारी भीड़ को कम करने में मदद मिलेगी। घोडबंदर रोड़ और वागले इस्टेट जैसे इलाकों के यात्रियों के लिए यह स्टेशन काफी पास भी रहेगा। मुंबई-नाशिक हाईवे से यात्रा करने वालों के लिए भी नए रेलवे स्टेशन से आना-जाना बहुत आसान होगा।