BJP को छोड़ने की शर्त पर मिल रही थी राज्यसभा की टिकट, नवनीत राणा ने ठुकराया सुनेत्रा पवार का ऑफर

Navneet Rana Reject Sunetra Pawar Rajya Sabha Ticket Offer: बीजेपी की नवनीत राणा का बड़ा खुलासा; बीजेपी छोड़ने की शर्त पर मिल रही एनसीपी की राज्यसभा टिकट को ठुकराया।
Sunetra Pawar And Navneet Rana
बीजेपी छोड़ने की शर्त पर मिल रही थी राज्यसभा की टिकट, नवनीत राणा ने बताया सुनेत्रा पवार का ऑफर (फोटो क्रेडिट-X)
Published on
Updated on

Navneet Rana Reject Sunetra Pawar Offer: महाराष्ट्र में सुनेत्रा पवार को छोड़ी गई राज्यसभा की खाली हुई सीट को भरने के लिए संभावित उम्मीदवारी को लेकर चर्चा चरम पर थी। इसी पृष्ठभूमि में भाजपा की वरिष्ठ नेता नवनीत राणा ने एक बड़ा बयान देकर सबको चौंका दिया है. उन्होंने बताया कि उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार और पार्थ पवार ने उन्हें संसद के उच्च सदन यानी राज्यसभा भेजने की इच्छा व्यक्त की थी। लेकिन, इस सुनहरे राजनीतिक अवसर के साथ एक बेहद कठिन शर्त भी जुड़ी हुई थी। शर्त यह थी कि उन्हें भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता छोड़कर तुरंत राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) का दामन थामना होगा

इस बड़े ऑफर और शर्त के सामने आने के बाद नवनीत राणा ने राजनीतिक मर्यादा और निष्ठा को सर्वोपरि रखने का फैसला किया। उन्होंने सुनेत्रा पवार के ऑफर को ठुकरा दिया और राज्यसभा की उम्मीदवारी की इच्छा भी छोड़ दी है।

पद के लिए नहीं बदलूंगी विचारधारा

राज्यसभा की इस सीट के लिए अपनी विचारधारा या राजनीतिक दल को बदलने से नवनीत राणा ने सीधे तौर पर इनकार कर दिया। उन्होंने एनसीपी के इस प्रस्ताव को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि वे भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के प्रति पूरी तरह समर्पित हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे पीएम नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की नीतियों में विश्वास रखती हैं। नवनीत राणा के अनुसार, केवल एक सांसद पद या राजनीतिक लाभ को हासिल करने के लिए वे अपने सिद्धांतों और अपनी मूल पार्टी के साथ कभी भी विश्वासघात नहीं कर सकती हैं।

देवेंद्र फडणवीस ने सुनेत्रा पवार से की थी सीट देने की मांग

अपने इस बड़े राजनीतिक खुलासे के साथ ही नवनीत राणा ने एक सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से महायुति के भीतर के एक और बड़े घटनाक्रम पर से पर्दा उठाया है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने स्वयं उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार से यह विशेष अनुरोध किया था कि यह राज्यसभा सीट भारतीय जनता पार्टी के कोटे में दे दी जाए। हालांकि, गठबंधन के समीकरणों और कुछ अन्य बेहद अपरिहार्य प्रशासनिक व राजनीतिक कारणों के चलते दोनों दलों के बीच ऐसा तालमेल संभव नहीं हो सका। इस खुलासे से यह साफ होता है कि बीजेपी इस सीट को अपने पाले में लाने के लिए प्रयासरत थी।

नवनीत के इनकार के बाद राकांपा ने राजेंद्र जैन पर लगाया दांव

जब नवनीत राणा ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी में शामिल होने और उनकी टिकट पर चुनाव लड़ने की शर्त को पूरी तरह मानने से मना कर दिया, तो एनसीपी नेतृत्व को अपनी रणनीति में बदलाव करना पड़ा। पार्टी को किसी अन्य वरिष्ठ चेहरे की तलाश करनी पड़ी। इसके बाद, अजित पवार के नेतृत्व वाली राकांपा (NCP) ने आधिकारिक तौर पर अपने वरिष्ठ नेता राजेंद्र जैन को राज्यसभा का नया उम्मीदवार घोषित कर दिया। नवनीत राणा के इस साहसिक कदम की जहां भाजपा के अंदरूनी हलकों में काफी सराहना हो रही है, वहीं विपक्षी दल इस पूरे घटनाक्रम को लेकर महायुति गठबंधन की स्थिरता पर सवाल खड़े कर रहे हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com