प्रतीकात्मक तस्वीर (सोर्स: सोशल मीडिया)
Navi Mumbai Sanpada Western College Job Fair: आज के प्रतिस्पर्धी युग में शिक्षा के साथ-साथ सही करियर अवसर मिलना किसी चुनौती से कम नहीं है। इसी दिशा में एक सराहनीय कदम उठाते हुए, नवी मुंबई के सानपाड़ा स्थित विश्वेश्वर एजुकेशन सोसायटी द्वारा संचालित वेस्टर्न कॉलेज ऑफ कॉमर्स एंड बिजनेस मैनेजमेंट ने ‘निर्माण फाउंडेशन’ के सहयोग से एक भव्य रोजगार मेले (Job Fair) का आयोजन किया।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य न केवल विद्यार्थियों को रोजगार के अवसर प्रदान करना था, बल्कि उद्योग और शिक्षण संस्थानों के बीच की दूरी को कम कर एक मजबूत नेटवर्क स्थापित करना भी था।
महाविद्यालय की प्रिंसिपल डॉ. नित्या वर्गीस ने कार्यक्रम की सफलता पर जानकारी देते हुए बताया कि इस जॉब फेयर में नवी मुंबई और आसपास के 10 से अधिक महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। कुल 400 से अधिक योग्य उम्मीदवारों ने पंजीकरण कराया और अपनी स्किल के आधार पर विभिन्न कंपनियों के सामने अपनी दावेदारी पेश की।
इस रोजगार मेले की सबसे बड़ी विशेषता ‘ऑन-द-स्पॉट इंटरव्यू’ रही। कई प्रतिष्ठित कंपनियों के प्रतिनिधियों ने छात्रों का साक्षात्कार लिया और उनकी प्रतिभा को देखते हुए मौके पर ही नौकरी के प्रस्ताव (Job Offers) दिए। इसके अलावा, छात्रों के लिए विशेष मार्गदर्शन सत्र भी आयोजित किए गए, जहां विशेषज्ञों ने उन्हें कॉर्पोरेट जगत की वर्तमान मांगें, इंटरव्यू क्रैक करने के टिप्स और ट्रिक्स, नेटवर्किंग और प्रोफेशनल स्किल डेवलपमेंट पर जानकारी दी।
यह भी पढ़ें:- मंत्रिमंडल का बड़ा फैसला, पुरंदर एयरपोर्ट को रफ्तार, जमीन अधिग्रहण के लिए स्पेशल सेल
इस पहल ने विद्यार्थियों को उद्योग विशेषज्ञों से सीधे संवाद करने का एक बेहतरीन मंच प्रदान किया। निर्माण फाउंडेशन और वेस्टर्न कॉलेज के इस संयुक्त प्रयास की सराहना करते हुए छात्रों ने कहा कि ऐसे आयोजनों से न केवल उन्हें नौकरी मिलती है, बल्कि उनके आत्मविश्वास में भी वृद्धि होती है। सानपाड़ा का यह जॉब फेयर उन युवाओं के लिए उम्मीद की नई किरण बनकर उभरा है, जो अपने करियर की शुरुआत करने के लिए एक सही प्लेटफॉर्म की तलाश में थे।