Mumbai Water Cut: मुंबई में 10% पानी कटौती लागू, मानसून तक गहराएगा जल संकट

Mumbai Water Cut BMC: मुंबई को पानी सप्लाई करने वाली झीलों में जलस्तर घटने के बाद बीएमसी ने 15 मई से 10 प्रतिशत पानी कटौती लागू कर दी है। इससे शहर के कई इलाकों में जल संकट बढ़ने की आशंका है।
Mumbai Water Cut BMC Water Supply Crisis
मुंबई में पानी की आपूर्ति बाधित (सोर्सः सोशल मीडिया)
Updated on

Mumbai Water Cut BMC Water Supply Crisis: मुंबई को पानी सप्लाई करने वाले झीलों में जलस्तर कम होने के कारण पूरे मुंबई शहर में शुक्रवार 15 मई से 10 प्रतिशत पानी कटौती लागू कर दी गई है। इसके चलते मानसून आने तक मुंबईकरों को बड़े पैमाने पर पानी की कमी का सामना करना पड़ सकता है।

इसी वजह से मनपा ने नागरिकों से पानी का सावधानीपूर्वक उपयोग करने की अपील की है। मुंबई को करीब 4 हजार 500 मिलियन लीटर प्रतिदिन पानी की आवश्यकता है। लेकिन वास्तविक रूप से केवल 4 हजार 100 मिलियन लीटर पानी की आपूर्ति हो रही है। यानी पहले से ही 400 मिलियन लीटर पानी की कमी बनी हुई है। अब 10 प्रतिशत पानी कटौती लागू होने से अतिरिक्त 400 मिलियन लीटर पानी की कमी और बढ़ जाएगी।

इस कटौती के बाद रोजाना पानी सप्लाई में 400 मिलियन लीटर की कमी आएगी और मुंबईकरों को 4 हजार 100 मिलियन लीटर की जगह केवल 3 हजार 700 मिलियन लीटर पानी मिलेगा।

इसके चलते शहर के कई इलाकों में गंभीर जलसंकट उत्पन्न होने की संभावना है। फिलहाल बिना कटौती के भी कई क्षेत्रों में पानी की भारी कमी महसूस की जा रही है। ऐसे में कटौती लागू होने के बाद कई लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिलने की आशंका जताई जा रही है।

पानी बचत को लेकर कोई प्रतिबंध नहीं

मुंबई में पानी कटौती लागू होने के बावजूद पानी बचाने को लेकर कोई विशेष प्रतिबंध लागू नहीं किए गए हैं। ऐसे में पानी की बचत होना मुश्किल माना जा रहा है। परिणामस्वरूप पानी की भारी कमी के कारण मुंबईकरों को टैंकर के पानी पर निर्भर रहना पड़ सकता है।

टैंकर भी तैयार

मुंबई बीएमसी के एक अभियंता ने बताया कि पानी की कमी से निपटने के लिए बीएमसी ने अपने विभागीय कार्यालयों में पानी के टैकर तैयार रखने के निर्देश दिए है। नागरिकों की शिकायत मिलने पर उन्हें टैंकर के जरिए पानी उपलब्ध कराया जाएगा। यदि टैंकरो की कमी हुई तो निजी टैंकरों के माध्यम से भी पानी सप्लाई किया जाएगा।

चेंबूर और आसपास के इलाकों में जलापूर्ति प्रभावित

बीएमसी द्वारा अमर महल (हेडगेवार उद्यान) से तुर्म निम्नस्तरीय जलाशय तक जलसुरंग को कार्यान्वित करने का महत्वपूर्ण काम सोमवार, 18 मई 2026 को किया जाएगा। इस कार्य के चलते एम पूर्व और एम पश्चिम विभाग के कई इलाकों में सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक करीब 12 घंटे जलापूर्ति बाधित रहेगी तथा कई क्षेत्रों में कम दबाव से पानी की आपूर्ति होगी।

बीएमसी ने नागरिकों से पानी का सावधानीपूर्वक उपयोग करने की अपील की है। एम पूर्व विभाग के प्रभाग क्रमांक 146, 147 और 148 तथा एम पश्चिम विभाग के प्रभाग क्रमांक 154 और 155 के नागरिकों को 18 मई से 25 मई तक एहतियातन पानी छानकर और उबालकर इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।

Navbharat Live
navbharatlive.com