बड़ी कठिन है, मुलुक की राह! यूपी-बिहार की ट्रेनों में हो रही भारी भीड़, रेलवे की समर स्पेशल के बावजूद राहत नही
Summer Special Trains 2026: मुंबई, पुणे और सूरत से यूपी-बिहार जाने वाली ट्रेनों में गर्मी की छुट्टियों के दौरान भारी भीड़ के कारण यात्रियों को कन्फर्म टिकट नहीं मिल रहा है।
- Written By: सूर्यप्रकाश मिश्र | Edited By: आंचल लोखंडे
Train Rush (सोर्सः सोशल मीडिया)
Mumbai To UP Bihar Train Rush: गर्मी की छुट्टियां शुरू होते ही मुंबई, पुणे,सूरत से यूपी-बिहार की ओर जाने वाली गाड़ियों में बेतहासा भीड़ बढ़ जाती है। यात्री सुविधाओं को लेकर रेलवे द्वारा किए जाने वाले तमाम दावों के बावजूद इस समय यात्रियों की मुसीबतें कम नहीं हो रहीं हैं। समर स्पेशल ट्रेनों में भी यात्रियों को जगह नहीं मिल रही है। गर्मी के मौसम में अपने परिवार समेत गांव घर जाने वाले लोगों भारी भीड़ को देखते हुए मुंबई से मध्य एवं पश्चिम रेलवे द्वारा समर स्पेशल ट्रेनें भी छोड़ी जा रहीं हैं,लेकिन इस समय वे नाकाफी साबित हो रहीं हैं।
ट्रेन टिकट के लिए जद्दोजहद
इस समय उत्तरभारत के लिए ट्रेनों का कन्फर्म टिकट पाना यानी लॉटरी लगने के बराबर है। किसी भी रेगुलर व स्पेशल ट्रेनों में कन्फर्म टिकट नहीं मिल पा रहा है। एलटीटी, सीएसएमटी, बांद्रा, सूरत जैसे शुरुआती स्टेशनों पर तो गांव जाने वालों का मेला लगा हुआ है। यहां का आलम ये है कि प्लेटफार्म पर पैर रखने की भी जगह नहीं है। यात्री अपने परिवार और सामान के साथ ट्रेनों का इन्तजार कर रहे हैं, हालाकिं रेल प्रशासन ने भी यात्रियों को सुविधाएं उपलब्ध कराई है, लेकिन अत्यधिक भीड़ के चलते वे अपूरी पड़ रहीं हैं। भारी गर्मी के चलते भी महिलाओं और बच्चों को यात्रा में परेशानी हो रही है। शादी ब्याह का मौसम होने के कारण लोग भारी मात्रा में सामान भी लेकर सफ़र करते हैं।
वेटिंग लिस्ट रिग्रेट
इस समय यूपी बिहार जाने वाली सभी रेगुलर ट्रेनों में वेटिंग लिस्ट रिग्रेट दिखा रहा है, तो स्पेशल ट्रेनों में 200 से लेकर 300 तक वेटिंग लिस्ट पहुंच जाती है। मुंबई के एलटीटी,सीएसएमटी,पनवेल,बांद्रा टर्मिनस के अलावा पुणे, उधना, सूरत आदि स्टेशनों से यूपी बिहार की तरफ जाने वाली लंबी दूरी की ट्रेनों में यात्रियों की भारी भीड़ है। अपने गांव भतीजी की शादी में शामिल होने बनारस जा रहे ओमप्रकाश यादव ने बताया कि काफी घूमकर जाने वाली कामायनी जैसी ट्रेन में बैठने की जगह नहीं मिल रही है। जब किसी तरह डिब्बे में बैठ जाओ तो नीचे ऊपर हर जगह लोग भरे रहते हैं, बोगीयों में काफी गन्दगी की शिकायत भी यात्रियों ने की। स्पेशल ट्रेनों की लेटलतीफी के साथ रेगुलर ट्रेनों का हाल बुरा है।
सम्बंधित ख़बरें
होटल में पनीर की जगह ‘एनालॉग’ के इस्तेमाल पर होगी कार्रवाई, मेनू कार्ड पर जानकारी देना अनिवार्य
अब अमरावती स्टेशन से चलेगी नासिक रोड मेमू! बडनेरा जाने की झंझट खत्म, समय सारणी में हुआ बदलाव
कुंभ मेले के कार्यों में आएगी तेजी, त्र्यंबकेश्वर में पूजा-अर्चना के बाद फडणवीस ने दी जानकारी
कोंकण का हापुस उत्पादक किसान संकट में ! लगातार कम हो रही आम की फसल, 19 वां मैंगो फेस्टिवल 1 मई से
दलालों की चांदी !
वैसे आम तौर पर यूपी बिहार की तरफ जाने वाली कई ट्रेनों में अन्य मौसम में भी कन्फर्म टिकट मिलना मुश्किल होता है। ऐसे सीजन में तो टिकट दलाल आपदा में अवसर खोज रहे हैं। रेल प्रशासन भी इन अवैध दलालों पर लगाम लगाने में नाकामयाब रहा है। सुल्तानपुर जाने के लिए पिछले 4 दिन से तत्काल टिकट का प्रयास कर रहे अभिजीत तिवारी ने बताया कि एजेंट 3 एसी के एक टिकट के लिए 3 हजार रुपए एक्सट्रा मांग रहे हैं। साकेत, पुष्पक,गोदान,पवन, कुर्ला-गोरखपुर, महानगरी एवं कुशीनगर जैसी ट्रेनों में तो इस समय कन्फर्म टिकट पाना किसी पहाड़ चढ़ने के बराबर है। इन ट्रेनों में वेटिंग और तत्काल भी नहीं मिल रहा है।
ये भी पढ़े: होटल में पनीर की जगह ‘एनालॉग’ के इस्तेमाल पर होगी कार्रवाई, मेनू कार्ड पर जानकारी देना अनिवार्य
कुर्ला से पाटिलपुत्र एक्सप्रेस के यात्री सुधीर कुमार ने कहा कि इस समय परिवार के साथ गांव जाना लोहे के चने चबाने जैसा ही है। स्लीपर के एक टिकट के लिए दलाल दो से ढाई हजार मांग रहे हैं। यात्रियों का कहना है कि दलालों को आखिर टिकट कैसे मिल जाता है? तत्काल टिकटों की कालाबाजरी रोकने के लिए रेलवे द्वारा भी यात्रियों का आधार लिंक करने आदि कई घोषणाएं की गईं थी,परन्तु उसका कोई लाभ आम यात्रियों को नहीं मिल पा रहा है। रेल यात्री सेवा सुविधा संगठन के अध्यक्ष पारसनाथ तिवारी ने कहा कि साधारण यात्रियों को टिकट खिड़कियों से तत्काल टिकट भी नहीं मिल पाता। तिवारी ने कहा कि इस समय यूपी बिहार के लिए ज्यादा अनारक्षित ट्रेन छोड़ने की जरूरत है।
छोड़ी जा रहीं समर स्पेशल
बेतहासा बढ़ती भीड़ को देखते हुए यात्रियों के लिए अप्रैल से जून के दौरान समर स्पेशल ट्रेनें छोड़ी जाती हैं। मध्य व पश्चिम रेलवे ने भी कई समर स्पेशल ट्रेनों की घोषणा की है। रेल प्रशासन का कहना है कि यात्रियों की भीड़ और वेटिंग टिकटों पर नजर रखते हुए अतरिक्त स्पेशल ट्रेनें छोड़ी जाती हैं। कई अनरिजर्व स्पेशल ट्रेन भी चलाई जा रही है।
पश्चिम रेलवे की अनारक्षित ट्रेन
पश्चिम रेलवे ने बांद्रा टर्मिनस से गोरखपुर के लिए अनारक्षित स्पेशल ट्रेन छोड़ने का निर्णय लिया है। पश्चिम रेलवे के सीपीआरओ विनीत अभिषेक के अनुसार, यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेन संख्या 09157 बांद्रा टर्मिनस-गोरखपुर स्पेशल अनारक्षित ट्रेन बांद्रा टर्मिनस से रविवार, 26 अप्रैल, 2026 को 00:30 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन 18:15 बजे गोरखपुर पहुंचेगी।
यह ट्रेन दोनों दिशाओं में बोरीवली, वापी, सूरत, वडोदरा, रतलाम, कोटा, सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी, हिंडौन सिटी, बयाना, भरतपुर, मथुरा, हाथरस सिटी, कासगंज, बरेली सिटी, इज्जतनगर, पीलीभीत, मैलानी, सीतापुर, बुढ़वल, गोंडा, बस्ती और खलीलाबाद स्टेशनों पर रुकेगी। इस ट्रेन में सभी जनरल सेकंड क्लास कोच होंगे। यह ट्रेन विशेष किराये पर अनारक्षित स्पेशल ट्रेन के रूप में चलेगी।
