बारिश से थमी मुंबई की रफ्तार, मोनो रेल बंद, लोकल लेट, सड़कों पर लगा लंबा जाम
Mumbai News: लगातार हो रही भारी बारिश से मुंबई के कई निचले इलाके जलमग्न हो गए हैं और जनजीवन प्रभावित है। इसी को देखते हुए मौसम विभाग ने शहर में रेड अलर्ट जारी किया है।
- Written By: सोनाली चावरे
मुंबई भारी बारिश ([pic credit; social media)
Mumbai Rain: मानसून की विदाई पर भी बारिश ने मुंबई को बुरी तरह थाम लिया। रविवार रात से सोमवार सुबह तक हुई भारी बारिश ने शहर की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया। जलभराव, जाम, लोकल ट्रेनें लेट और मोनो रेल बंद जैसी घटनाओं ने मुंबईकरों की मुश्किलें बढ़ा दीं। मौसम विभाग ने सोमवार को रेड अलर्ट जारी किया, जिसे बाद में बारिश कम होने पर ऑरेंज अलर्ट में बदला गया। फिलहाल आज और कल यानी मंगलवार और बुधवार के लिए येलो अलर्ट जारी है।
मुंबई डूबी पानी में
रविवार देर रात गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ शुरू हुई मूसलाधार बारिश सोमवार सुबह तक जारी रही। किंग्स सर्कल, लालबाग, दादर, परेल और वडाला जैसे निचले इलाकों में जलभराव हो गया। सड़कें नदी में तब्दील हो गईं और वाहन रेंगते नजर आए। पश्चिम और मध्य रेलवे की लोकल ट्रेनें 10 से 15 मिनट की देरी से चलीं।
बांद्रा में सबसे ज्यादा बारिश
मुंबई शहर में औसतन 111.19 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। पूर्वी उपनगरों में 76.46 मिमी और पश्चिमी उपनगरों में 74.15 मिमी बारिश हुई। बांद्रा में सबसे ज्यादा 176 मिमी और वडाला में 170 मिमी बारिश दर्ज की गई।
सम्बंधित ख़बरें
छत्रपति संभाजीनगर की New Water Supply Project से 10 दिन में 1500 MM और 15 दिन में 2000 MM पाइपलाइन होगी शुरू
भूमि अधिग्रहण के विरोध में किसानों ने राज्यपाल से की मुलाकात, आदेश रद्द करने की मांग
Pulse Polio अभियान; रविवार को छत्रपति संभाजीनगर में 2 लाख से अधिक नन्हें बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक
अंजनगांव सुर्जी में महिला से दुष्कर्म का मामला, चार माह की गर्भावस्था से खुलासा
मोनो रेल ने फिर दिया धोखा
वडाला में सोमवार सुबह मोनो रेल अचानक बीच रास्ते में रुक गई। करीब 7.16 बजे एंटॉप हिल और जीटीबीएन स्टेशन के बीच आई तकनीकी खराबी से 17 यात्री अंदर फंस गए। उन्हें सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत दूसरी ट्रेन से सुरक्षित निकाला गया। यह पहली बार नहीं है, इससे पहले अगस्त में भी दो बार मोनो रेल बंद हुई थी, जब सैकड़ों यात्री घंटों तक फंसे रहे थे।
ठाणे में मालगाड़ी से लोकल प्रभावित
ठाणे जिले में मध्य रेलवे मार्ग पर एक मालगाड़ी के पहिए फिसलने से दोपहर बाद लोकल सेवाएं बाधित हुईं। इस वजह से यात्रियों को घंटों परेशान होना पड़ा।
हादसों की झड़ी
शहर में अलग-अलग जगहों पर पेड़ गिरने, दीवार ढहने और शॉर्ट सर्किट की कुल 7 घटनाएं दर्ज की गईं। गनीमत रही कि किसी के हताहत होने की खबर नहीं आई।
अगले दो दिन फिर अलर्ट
मौसम विभाग ने मुंबई, ठाणे, पालघर और रायगढ़ में मंगलवार और बुधवार के लिए भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। तेज हवाओं के साथ बादल गरजने और बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है। बारिश ने एक बार फिर साबित कर दिया कि मुंबई चाहे जितनी भी तेज दौड़े, पानी आते ही शहर थम जाता है।
