

फर्जी पुलिसकर्मियों की पहचान के लिए मुंबई पुलिस की नई पहल।
51,308 पुलिस पदों के लिए स्मार्ट ID कार्ड जारी होंगे।
QR कोड स्कैन कर अधिकारी का नाम, फोटो और पोस्टिंग देख सकेंगे।
NFC तकनीक से पुलिसकर्मियों को भी मिलेगी सुविधा।
करीब 4 करोड़ रुपये की योजना, एक महीने में कार्ड वितरण का लक्ष्य।
वर्दी और सादे कपड़ों में सभी पुलिसकर्मियों के लिए कार्ड रखना अनिवार्य होगा।
Mumbai Police Smart ID Card: खाकी वर्दी और पुलिस अधिकारी होने का झांसा देकर लोगों से ठगी करने वालों पर लगाम लगाने के लिए मुंबई पुलिस नई तकनीक अपनाने जा रही है। अब शहर के पुलिसकर्मियों को QR कोड और नियर फील्ड कम्युनिकेशन (NFC) तकनीक से लैस स्मार्ट पहचान पत्र दिए जाएंगे।
इन कार्ड की मदद से आम नागरिक मोबाइल से QR कोड स्कैन कर संबंधित पुलिसकर्मी की वास्तविक पहचान की पुष्टि कर सकेंगे। करीब 4 करोड़ रुपये की इस योजना से मुंबई पुलिस के 51,308 स्वीकृत पदों को कवर किया जाएगा।
नई व्यवस्था के तहत प्रत्येक पुलिसकर्मी को धातु से बना स्मार्ट ID कार्ड दिया जाएगा। इसमें उभरी हुई तस्वीर और विशिष्ट QR कोड होगा।
नागरिक मुंबई पुलिस के सिटीजन ऐप के माध्यम से कोड स्कैन करके अधिकारी का नाम, फोटो, पुलिस सेवा में शामिल होने की तारीख और वर्तमान पोस्टिंग जैसी जानकारी देख सकेंगे। इससे पुलिस अधिकारी बनकर लोगों को डराने और ठगी करने वालों की पहचान करने में मदद मिलेगी।
स्मार्ट कार्ड में NFC तकनीक भी होगी। इसके जरिए अधिकृत पुलिसकर्मियों को प्रतिबंधित पुलिस क्षेत्रों में प्रवेश और विभागीय कार्यों में सुविधा मिलेगी। अधिकारियों के मुताबिक, कार्ड की छपाई पूरी हो चुकी है और अगले एक महीने में इन्हें सभी पुलिसकर्मियों तक पहुंचाने की योजना है।
पिछले कुछ समय में सादे कपड़ों में खुद को क्राइम ब्रांच या जांच एजेंसी का अधिकारी बताकर बुजुर्गों और कारोबारियों को निशाना बनाने की घटनाएं सामने आई हैं। इसके अलावा वीडियो कॉल पर फर्जी पहचान पत्र दिखाकर लोगों को डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाने के मामले भी चिंता का विषय बने हैं। स्मार्ट ID कार्ड से नागरिक किसी पुलिसकर्मी की पहचान की पुष्टि कर सकेंगे।
नई व्यवस्था के तहत वर्दी में तैनात पुलिसकर्मियों के साथ सादे कपड़ों में काम करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को भी स्मार्ट कार्ड रखना अनिवार्य होगा।
गृहमंत्री एवं मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि अपराधी भी तकनीक का इस्तेमाल कर रहे हैं, इसलिए पुलिस को उनसे एक कदम आगे रहना जरूरी है। उनके मुताबिक, तकनीक के इस्तेमाल और विभागीय कार्यप्रणाली में इसके एकीकरण से पुलिस की कार्यक्षमता में सुधार हो सकता है।