

पुणे में 7 दिनों में 10.70 लाख वर्गफीट जगह अतिक्रमण मुक्त।
हडपसर-मांजरी में 61 अवैध दुकानें ध्वस्त।
जेएम रोड पर नियम तोड़ने वाले 57 स्टॉल सील।
मंगलवार को एक ही दिन में 2.32 लाख वर्गफीट जगह खाली कराई।
मनपा की कार्रवाई से कई दुकानदारों ने खुद हटाया अतिक्रमण।
सड़क, फुटपाथ और सार्वजनिक जगहों पर अभियान जारी रहेगा।
Pune Municipal Corporation Bulldozer Action: पुणे शहर की सड़कों, फुटपाथों और सार्वजनिक जगहों पर कब्जा जमाकर बैठे अतिक्रमणकारियों के खिलाफ पुणे मनपा ने बुलडोजर एक्शन तेज कर दिया है। लगातार सात दिनों से जारी इस मुहिम में 18 से 24 नवंबर के बीच 10 लाख 70 हजार 853 वर्गफीट जगह अतिक्रमण मुक्त कराई गई यानी प्रतिदिन औसतन 1।52 लाख वर्गफीट से अधिक जगह खाली कराई गई।
इस दौरान हडपसर-मांजरी में 61 अवैध दुकानें ध्वस्त की गईं, जबकि जंगली महाराज रोड के हॉकर कॉर्नर में नियमों का उल्लंघन करने वाले 57 स्टॉल सील किए गए। मंगलवार को भी छह क्षेत्रीय कार्यालयों की सीमा में 2 लाख 32 हजार 650 वर्गफीट जगह से अतिक्रमण हटाया गया।
पुणे शहर मनपा आयुक्त नवल किशोर राम के निर्देश पर अतिक्रमण और अवैध निर्माण निर्मूलन विभाग की ओर से यह अभियान चलाया जा रहा है। शहर के प्रमुख मार्गों, फुटपाथों, सार्वजनिक स्थलों और इमारतों के फ्रंट मार्जिन में बने अवैध शेड, दुकानें, काउंटर और व्यावसायिक निर्माणों को निशाना बनाया जा रहा है।
कार्रवाई में मनपा की विभिन्न क्षेत्रीय टीमें संयुक्त रूप से जुटी हैं। 18 नवंबर को पांच क्षेत्रीय कार्यालयों की सीमा में 50,700 वर्गफीट जगह खाली कराई गई। विमान नगर के निको गार्डन, साकोरे नगर, जेएम रोड, फर्ग्युसन कॉलेज रोड, सिंहगढ़ रोड, हडपसर गांवठाण और शिवाजी रोड पर कार्रवाई हुई।
इस दौरान 55 हाथगाड़ियां और काउंटर तथा 30 सिलेंडर जब्त किए गए। जेएम रोड के हॉकर कॉर्नर में 57 स्टॉल सील किए गए। 19 नवंबर को आठ क्षेत्रीय कार्यालयों में 75,540 वर्गफीट, जबकि 20 नवंबर को 16 स्थानों पर कार्रवाई कर 1 लाख 17 हजार 300 वर्गफीट जगह खाली कराई गई। 21 नवंबर को कार्रवाई का दायरा और बढ़ा। इस दिन 2 लाख 113 वर्गफीट क्षेत्र अतिक्रमणमुक्त कराया गया। हडपसर-मांजरी में 61 अवैध दुकानें हटाई गईं।
औंध-बाणेर, कोंढवा-उंड्री, धनकवड़ी-कात्रज और बिबवेवाड़ी में भी कार्रवाई की गई। 22 नवंबर को रविवार की छुट्टी के बावजूद तीन प्रशासनिक क्षेत्रों में अभियान जारी रहा। वाघोली-केसनंद रोड, बिबवेवाड़ी और बाणेर-बालेवाड़ी में 1 लाख 88 हजार 750 वर्गफीट जगह खाली कराई गई। अतिरिक्त आयुक्त पवनीत कौर ने गंगाधाम चौक से लुल्लानगर तक चल रही कार्रवाई का निरीक्षण किया। 23 नवंबर को ढोले पाटिल रोड, ताड़ीवाला रोड, कोरेगांव पार्क, नाना पेठ, रास्ता पेठ, तिलक रोड, हांडेवाड़ी, धायरी, वारजे और सातव नगर में अभियान चलाया गया।
मंगलवार को छह क्षेत्रीय कार्यालयों में कार्रवाई की गई। उंड़ी और धानोरी में 86,500 वर्गफीट, कात्रज में 20 हजार, बाणेर में 65 हजार, कसबा पेठ में 1,850 और कौसरबाग में 33 हजार वर्गफीट जगह खाली कराई गई। वहीं, शास्त्री रोड-नवी पेठ में 4,500 और कर्वेनगर-पानंद रोड पर 21,800 वर्गफीट अतिक्रमण हटाया गया। इस तरह एक ही दिन में कुल 2 लाख 32 हजार 650 वर्गफीट जगह खाली कराई गई।
पुणे मनपा की ओर से कार्रवाई शुरू किए जाने के साथ ही अतिक्रमणधारकों को नोटिस भी जारी किए जा रहे है। बुलडोजर चलने और सामान जब्त होने की आशंका के चलते कई दुकानदारों और व्यावसायिकों ने खुद ही अतिक्रमण हटाना शुरू कर दिया है। इससे कई इलाकों में सड़कें और फुटपाथ स्वतः खाली होने लगे हैं।
अतिक्रमण हटाने के लिए मनपा के अतिक्रमण विभाग के साथ मनपा पुलिस, पुलिसकर्मी और महाराष्ट्र सुरक्षा बल के जवान तैनात रहे। जेसीबी, गैस कटर और ब्रेकर की मदद से अवैध निर्माणों को हटाया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सड़कों, फुटपाथों और सार्वजनिक जगहों को अतिक्रमणमुक्त कराने का अभियान आगे भी जारी रहेगा।