मैं 2014 से मंत्री बन रही हूं! एनडीए में जाने और मुख्यमंत्री पद की अटकलों पर भड़कीं सुप्रिया सुले

Supriya Sule Statement: एनसीपी (एसपी) सांसद सुप्रिया सुले ने शरद पवार द्वारा एनडीए समर्थन के बदले उनके लिए महाराष्ट्र सीएम पद मांगने की अटकलों को खारिज कर दिया है। उन्होंने इसे बेबुनियाद बताया।
Supriya Sule Statement
सुप्रिया सुलेसोर्स: सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Highlights

  • सुप्रिया सुले ने CM पद की अटकलों को खारिज किया

  • सुले ने कहा कि पिछले 12 वर्षों से उनका शपथ ग्रहण ही चल रहा है

  • शरद पवार की पार्टी परिसीमन विधेयक पर विचार को तैयार

Supriya Sule on CM Post: महाराष्ट्र की राजनीति में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के एनडीए में शामिल होने और नए सत्ता के समीकरणों को लेकर अटकलों का बाजार गर्म है। इस पर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की सांसद सुप्रिया सुले ने आज तीखी प्रतिक्रिया दी है। बुधवार को सुप्रिया सुले ने मीडिया में चल रही उन खबरों को सिरे से खारिज कर दिया, जिनमें दावा किया जा रहा था कि शरद पवार ने भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए को समर्थन देने और परिसीमन बिल का साथ देने के बदले उनके लिए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद की मांग रखी है।

महाराष्ट्र के पहले मुख्यमंत्री यशवंतराव चव्हाण को सातारा में उनके स्मारक पर श्रद्धांजलि देने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए सुप्रिया सुले ने इन खबरों को बेबुनियाद बताया। उन्होंने अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर बदलती चर्चाओं पर तंज कसते हुए कहा कि पहले अफवाहें थीं कि उन्हें केंद्रीय मंत्री बनाया जा सकता है और अब मुख्यमंत्री पद की बात हो रही है।

मुख्यमंत्री पद वाली अटकलों पर सुप्रिया सुले का बयान

सुप्रिया सुले ने मुख्यमंत्री पद वाले सवाल पर तीखे अंदाज में कहा कि पिछले 12 वर्षों से मेरा शपथ ग्रहण हो रहा है। मेरे साथ ऐसा अन्याय न करें। 2014 से ही मैं मुख्यमंत्री बनती आ रही हूं। मुझे इन सब बातों में कोई दिलचस्पी नहीं है। मुझे बस इस बात का दुख है कि कोई मुझसे गंभीरता से उन नीतिगत कार्यों के बारे में नहीं पूछता, जिनके लिए मुझे संसद में चुनकर भेजा गया है।

सुप्रिया सुले ने बताया किन मुद्दों पर सवाल पूछे जाएं तो उन्हें खुशी होगी

शरद पवार गुट की सांसद सुप्रिया सुले ने बताया कि वह वर्तमान में चार संयुक्त संसदीय समितियों (JPC) और राष्ट्रीय आर्थिक नीति तय करने वाली एक वित्त समिति में काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र सूखे की स्थिति का सामना कर रहा है और जेपीसी में चर्चा किए जा रहे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय विधेयक नागरिकों के रोजमर्रा के जीवन पर सीधा असर डाल सकते हैं। उन्होंने कहा कि इन मुद्दों पर सवाल पूछे जाएं तो उन्हें खुशी होगी।

Supriya Sule Statement
क्या शरद पवार का साथ छोड़ कांग्रेस का हाथ थामेंगे रोहित पवार? 5 संकेतों से समझिए क्यों गरमाया चर्चाओं का बाजार

शरद पवार के एनडीए में जाने की अटकलें

संसद के शीतकालीन सत्र से पहले राजनीतिक गलियारों में चर्चा चल रही थी की शरद पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) एनडीए के साथ जा सकती है। साथ ही परिसीमन बिल और महिला आरक्षण विधेयक पर मोदी सरकार का समर्थन कर सकती है। इन चर्चाओं पर सुप्रिया सुले ने अपना यह बयान दिया।

राजनीतिक हलकों में ऐसी खबरें थीं कि केंद्र सरकार के निर्वाचन क्षेत्र परिसीमन विधेयक का समर्थन करने और एनडीए में शामिल होने या उसके साथ गठबंधन करने को लेकर भाजपा और शरद पवार के गुट के बीच बातचीत चल रही है और इसके बदले में उन्होंने महाराष्ट्र में सुप्रिया सुले के लिए मुख्यमंत्री पद की मांग की है।

Supriya Sule Statement
क्या शरद पवार लेने वाले हैं संन्यास? NCP विलय और NDA में शामिल होने की अटकलों पर सुप्रिया सुले ने तोड़ी चुप्पी

शरद पवार के संन्यास की खबरों को किया खारिज

इससे एक दिन पहले सुप्रिया सुले ने उन खबरों का भी खंडन किया था जिनमें कहा गया था कि एनडीए में जाने से पहले शरद पवार राजनीति से संन्यास ले सकते हैं। उन्होंने इन दावों को पूरी तरह गलत बताया और याद दिलाया कि राज्यसभा सदस्य के रूप में शरद पवार का अभी भी पांच वर्ष का कार्यकाल बाकी है।

हालांकि सुप्रिया सुले यह भी संकेत दिया था कि उनकी पार्टी परिसीमन विधेयक पेश होने के बाद उस पर विचार करने के लिए तैयार है बशर्ते सभी राज्यों के लिए एक समान फॉर्मूला अपनाया जाए और महिला आरक्षण लागू किया जाए।