Mumbai Police PSI Rahul Bhosle Arrest प्रतीकात्मक तस्वीर (सोर्स AI)
Dharavi Police Station Rape Case: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई से खाकी को दागदार करने वाली एक बेहद शर्मनाक वारदात सामने आई है। जिस पुलिस पर जनता की सुरक्षा और महिलाओं को न्याय दिलाने की जिम्मेदारी है, उसी महकमे के एक अधिकारी ने मदद मांगने आई महिला को अपनी हवस का शिकार बनाया। धारावी पुलिस स्टेशन में तैनात रहे पुलिस सब-इंस्पेक्टर (PSI) राहुल भोसले पर एक महिला के साथ बार-बार दुष्कर्म और मानसिक प्रताड़ना का गंभीर आरोप लगा है।
इस मामले के उजागर होने के बाद मुंबई पुलिस ने आरोपी अधिकारी को गिरफ्तार कर सेवा से निलंबित कर दिया है। यह घटना पुलिस विभाग के भीतर अनुशासन और नैतिकता पर गहरे सवाल खड़े करती है।
पूरा मामला तब शुरू हुआ जब पीड़ित महिला किसी कानूनी काम के सिलसिले में धारावी पुलिस स्टेशन पहुँची थी। वहां तैनात पीएसआई राहुल भोसले ने मदद के बहाने महिला से मेल-जोल बढ़ाया और धीरे-धीरे उससे दोस्ती कर ली। आरोप है कि पद का प्रभाव दिखाते हुए भोसले ने महिला को भरोसे में लिया और उसके साथ जबरन यौन संबंध बनाए। महिला ने शुरुआती दौर में लोक-लाज और पुलिसिया दबाव के डर से चुप्पी साधे रखी, लेकिन आरोपी का दुस्साहस बढ़ता गया।
ये भी पढ़ें- ’20 रुपए के लिए काट दिया गला’, दोस्त बना दुश्मन, पिंपरी चिंचवड़ की दिल दहलाने वाली घटना
हैरानी की बात यह है कि आरोपी का तबादला जब धारावी से ताड़देव पुलिस स्टेशन कर दिया गया, तब भी उसने महिला का पीछा नहीं छोड़ा। वह लगातार महिला को फोन कर परेशान करता था और उसे मिलने व यौन संबंध बनाने के लिए मजबूर करता था। महिला लंबे समय तक इस मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न को झेलती रही। जब पानी सिर से ऊपर चला गया और आरोपी की मांगें असहनीय हो गईं, तो पीड़िता ने हिम्मत जुटाई और पिछले हफ्ते वापस धारावी पुलिस स्टेशन पहुँचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।
महिला की शिकायत की गंभीरता को देखते हुए मुंबई पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई के आदेश दिए। राहुल भोसले के खिलाफ दुष्कर्म और प्रताड़ना की संबंधित धाराओं (IPC/BNS) के तहत FIR दर्ज की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सब-इंस्पेक्टर को गिरफ्तार किया। विभागीय जांच के बाद उसे पद से निलंबित कर दिया गया है। फिलहाल आरोपी जेल की सलाखों के पीछे न्यायिक हिरासत में है और पुलिस मामले के अन्य तकनीकी साक्ष्यों को जुटाने में लगी है।