म्हाडा लॉटरी में 2 महीने की देरी, 2,640 घरों का ड्रॉ अटका, आवेदकों के 375 करोड़ रुपये फंसे, बढ़ा आक्रोश
MHADA Lottery 2026: मुंबई में म्हाडा के 2,640 घरों की लॉटरी दो महीने से लंबित होने के कारण आवेदकों के ₹375 करोड़ म्हाडा के पास फंसे हैं। लोग गहने गिरवी रखकर और लोन लेकर भरी ईएमडी से परेशान हैं।
- Written By: रूपम सिंह
म्हाडा लॉटरी (सौजन्य-सोशल मीडिया)
Mumbai MHADA Lottery Delayed Housing Projects: मुंबई में म्हाडा के 2,640 घरों की लॉटरी पिछले दो महीनों से लंबित पड़ी है। इस भारी देरी के कारण आवेदकों की लगभग 375 करोड़ रुपए की बयाना राशि यानी ईएमडी सिस्टम में फंसी हुई है। अपनी जमा पूंजी अटकने से परेशान और निराश आवेदकों ने अब म्हाडा प्रशासन से इस प्रक्रिया को तुरंत पूरा कर जल्द से जल्द ड्रॉ घोषित करने की मांग उठाई है। आवेदकों का आरोप है कि इस राशि पर प्राधिकरण को दो-तीन महीनों में 10 से 12 करोड़ रुपए तक ब्याज मिलने की संभावना है, जबकि वे खुद उधार लिए गए पैसे पर ब्याज और ईएमआई चुका रहे हैं।
म्हाडा की 2,640 किफायती घरों की लॉटरी में लगातार हो रही देरी से हजारों आवेदक आर्थिक परेशानी का सामना कर रहे हैं। 15 मई को प्रस्तावित ड्रॉ अब तक नहीं हो सका है, जिससे करीब 375 करोड़ रुपए की अर्नेस्ट मनी डिपॉजिट म्हाडा के पास अटकी हुई है। म्हाडा की इस लॉटरी के लिए आर्थिक रूप से कमजोर, निम्न, मध्यम और उच्च आय वर्ग श्रेणियों में 75,927 वैध आवेदन मिले थे।
कम प्रतिक्रिया मिलने पर आवेदन की समय-सीमा दो बार बढ़ाई गई और बाद में एमएलसी चुनावों के दौरान लागू आचार संहिता के कारण ड्रॉ स्थगित कर दिया गया। आवेदकों ने मांग की है कि म्हाडा जल्द ड्रॉ की तारीख घोषित करे या लंबे समय से अटकी ईएमडी पर ब्याज देकर मुआवजा दे। म्हाडा के एक अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि विधानसभा का मानसून सत्र चल रहा है। मुख्यमंत्री और दोनों उपमुख्यमंत्रियों से समय मिलने के बाद ड्रॉ की घोषणा की जाएगी।
सम्बंधित ख़बरें
लाइनमैन बोलकर हल्के में मत लो, ओमराजे निंबालकर की वायरल ऑडियो क्लिप से मचा हड़कंप
पुणे में खौफनाक वारदात: सो रहे मजदूर को JCB से कुचला! शव कार की डिक्की में रख सड़क पर फेंका, 5 पर केस दर्ज
मकान था या ताश के पत्तों का महल… नागपुर में जेसीबी के छूते ही भरभराकर गिरी जर्जर इमारत
मुंबई साइबर सेल की बड़ी कार्रवाई, 10 करोड़ की व्हाट्सएप डीपी ठगी का खुलासा; 6 आरोपी गिरफ्तार
आवेदकों ने गहने गिरवी रखकर भरा है ईएमडी
लॉटरी जुलाई के पहले सप्ताह में होने की संभावना है। कई आवेदकों ने ईएमडी की व्यवस्था गहने गिरवी रखकर, एफडी तोड़कर या क्रेडिट कार्ड से की थी। गोरेगांव की एक आवेदक ने बताया कि 50 हजार रुपए की ईएमडी के लिए उन्हें गहने गिरवी रखने पड़े, जबकि एक अन्य आवेदक ने 25 हजार रुपए क्रेडिट कार्ड से जमा किए और अब हर महीने ईएमआई व जुर्माना भरना पड़ रहा है। कांदिवली के एक आवेदक ने 1 लाख रुपए की ईएमडी के लिए अपनी एफडी समय से पहले तुड़वाई थीं।
यह भी पढ़ें:- मुंबई साइबर सेल की बड़ी कार्रवाई, 10 करोड़ की व्हाट्सएप डीपी ठगी का खुलासा; 6 आरोपी गिरफ्तार
आवेदक विकास जायसवाल ने बाताया की मुंबई म्हाडा की चार विभिन्न योजनाओं में मैंने 29 मार्च को ही 50-50 हजार रुपए ईएमडी भरा था। इस तरह मेरा पिछले तीन महीनों से दो लाख रुपए म्हाडा के पास फंसा हुआ है। यह राशि फंसने से मुझ पर वित्तीय बोझ बढ़ गया है। अमूमन इस स्थित हजारों आवेदक गुजर रहे हैं। ऐसे में म्हाडा को तुरंत ड्रॉ के तारीख की घोषणा करके आवेदकों को राहत देनी चाहिए।
असफल आवेदकों को लौटा दी जाती है ईएमडी
- म्हाडा के नियमों के अनुसार ड्रॉ के एक सप्ताह के भीतर असफल आवेदकों को ईएमडी लौटा दी जाती है।
- लेकिन ड्रॉ लंबित होने से हजारों लोगों की राशि फंसी हुई है।
- आवेदकों ने प्रक्रिया में तेजी लाने और देरी के कारण हुए वित्तीय नुकसान की भरपाई करने की मांग की है।
