UTS App में गडबड़ी (सोर्स: सोशल मीडिया)
Mumbai Local UTS App Technical Glitch News: मुंबई में लोकल यात्रा को आसान बनाने के लिए शुरू की गई डिजिटल टिकटिंग सिस्टम की तकनीकी गड़बड़ियों का खामियाजा यात्रियों को उठाना पड़ रहा है। मुंबई लोकल में रोजाना यात्रा करने वाले लाखों यात्रियों को टिकट खिड़कियों की लंबी लाइन से राहत दिलाने के लिए अनरिज़र्व्ड टिकटिंग सिस्टम (UTS) ऐप और RailOne ऐप जिसे डिजिटल प्लेटफार्म की सुविधा उपलब्ध कराई गई। लेकिन इन ऐप में टेक्निकल कमियों की वजह से यात्रियों को मानसिक, आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मंगलवार को मुंबई की एक एसी लोकल में सफर कर रही महिला यात्री की यूटीएस ऐप में तकनीकी गड़बड़ी का खामियाजा भुगतना पड़ा। बताया गया कि नेहा गोहिल और उनके भाई ने मंगलवार की दोपहर को UTS ऐप से मुंबई सेंट्रल से बोरीवली के लिए AC लोकल ट्रेन के दो टिकट बुक किए। उन्होंने ऑनलाइन 190 का पेमेंट किया और पेमेंट कन्फर्मेशन भी मिल गया। बहन भाई AC ट्रेन में चढ़ गए।
माटुंगा स्टेशन पहुंचने पर चेकर ने टिकट मांगे। उन्होंने अपना पेमेंट कन्फर्मेशन दिखाया, लेकिन UTS ऐप में टेक्निकल गड़बड़ी की वजह से टिकट अपलोड नहीं हुए थे। टीसी ने कोई भी प्रूफ देखने से मना करते हुए दंड भरने को कहा। पेनाल्टी माफ़ करने की रिक्वेस्ट के बाद टीसी ने उन्हें बांद्रा स्टेशन पर उतारा और टिकट चेकिंग ऑफिस ले गया। जहां भी काफी बहस के बाद उन्हें दो पैसेंजर के बजाय एक पैसेंजर के लिए पेनल्टी देने के लिए मजबूर किया गया। नेहा गोहिल ने बताया कि इस घटना की वजह से बोरीवली में 2 बजे का उनका अपॉइंटमेंट मिस हो गया और उन्हें वापस घर लौटना पड़ा।
यूटीएस एप में गड़बड़ी की वजह से इसके पहले भी कई यात्रियों को परेशानी हो रही है। पिछले सप्ताह CST स्टेशन पर एक महिला पैसेंजर सुश्री जैन के साथ ऐसी ही एक घटना हुई थी। UTS ऐप ही नहीं बल्कि RailOne ऐप में तकनीकी खामियों की शिकायत यात्री कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें:- मुंबई एयरपोर्ट पर अचानक रुके मैक्रों! सुनेत्रा पवार से क्या हुई ऐसी खास बात? Video ने मचाया तूफान
उल्लेखनीय है कि 1 मार्च 2026 से यूटीएस ऐप यात्रियों के लिए बंद हो जाएगा। इसके स्थान पर रेलवे ने RailOne ऐप शुरू कर दिया है। इसे जोरशोर से प्रचारित भी किया जा रहा है। यूटीएस ऐप पर पास बुकिंग पहले से ही बंद हो चुकी है, परंतु डेली टिकट बुकिंग अभी चल रही है। रेलवे मामलों के जानकार एक्टिविस्ट समीर जवेरी ने कहा कि यूटीएस ऐप को भले ही बंद किया जाना है,लेकिन उसके पहले ही यात्रियों को उसकी तकनीकी खराबी का दंड क्यों भुगतना पड़ रहा है। नए ऐप RailOne में भी तकनीकी खराबी को लेकर कई यात्रियों ने शिकायत की है।