अब परेशानी के दिन होंगे दूर! मुंबई लोकल से सफर करने वालों को मिलेगी रफ्तार, 80 लाख यात्रियों को होगा फायदा

Mumbai Local Train News: मुंबई लोकल की भीड़ कम करने के लिए रेल मंत्रालय ने 238 नई एसी लोकल और 15 डिब्बों वाली ट्रेनों के लिए 34 स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म विस्तार का काम तेज कर दिया है।
Railways accelerate Mumbai Local's upgrade with 238 new AC rakes and platform extensions at 34 stations. MUTP projects worth crores aim to ease congestion for 80 lakh daily commuters.
मुंबई लोकल ट्रेन (फोटो- सोशल मीडिया)
Updated on

Mumbai Railway Infrastructure News: मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेनों की रफ़्तार को गति देने के साथ यात्रियों की सुविधाएं बढ़ाने का काम तेज गति से हो रहा है। केंद्र व राज्य सरकार की मदद से एमआरवीसी के माध्यम से स्टेशन इंफ्रास्ट्रक्चर बढ़ाने के साथ 238 नई एसी लोकल चरणबद्ध तरीके से मुंबई लोकल के बेड़े में शामिल किए जाने की प्रक्रिया शुरू है।

इसके अलावा मौजूदा समय में लोकल की भीड़ कम करने के लिए 15 डिब्बे की ज्यादा लोकल चलाने की योजना के तहत मुंबई के 34 स्टेशनों पर प्लेटफार्म विस्तार का काम शुरू कर दिया गया है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के अनुसार मुंबई लोकल में व्यस्त समय के दौरान भीड़भाड़ कम करने के लिए 4 नए एसी और 1 नॉन-एसी रेक जोड़े गए हैं। चार एसी ईएमयू रेकों में से 2 को पश्चिमी रेलवे द्वारा पहले ही शामिल किया जा चुका है, जिससे कार्यदिवसों में एसी सेवाओं की संख्या 109 से बढ़कर 133 और सप्ताहांत में 77 से बढ़कर 106 हो गई है। इसी तरह 15 कार सेवाओं की संख्या 211 से बढ़कर 227 हो गई है।

चलती हैं 3234 लोकल

उल्लेखनीय है कि मुंबई में मध्य व पश्चिम रेलवे द्वारा कुल 3234 उपनगरीय सेवाओं (227 एसी लोकल) चलाई जाती है। इनमें पश्चिमी रेलवे 133 एसी सेवाओं सहित 1414 सेवाएं संचालित करता है, जबकि मध्य रेलवे 94 एसी सेवाओं सहित 1820 सेवाएं संचालित करता है। सीएमएसटी से लेकर कसारा कर्जत एवं चर्चगेट से लेकर पालघर तक मुंबई एमएमआर की बढ़ती आबादी के लिए लोकल ही एकमात्र सुलभ यातायात की साधन है।

इन लोकल में रोजाना 75 से 80 लाख लोग यात्रा करते हैं। यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आईसीएफ द्वारा स्वचालित दरवाजों वाली 2 नॉन-एसी ईएमयू भी विकसित की जा रही हैं। परंतु मुंबई लोकल में भीड़ नियंत्रण के लिए 15 डिब्बा लोकल की आवश्यकता महसूस की जा रही है। वैसे मुंबई उपनगरीय रेल नेटवर्क को मजबूत करने के लिए 238 नए 12 डिब्बा रेकों की खरीद प्रक्रिया जारी है।

बढ़ रही लोकल नेटवर्क की क्षमता

मुंबई उपनगरीय क्षेत्र में रेल नेटवर्क की क्षमता बढ़ाने के लिए, मुंबई शहरी परिवहन परियोजना (एमयूटीपी)-II (8,087 करोड़ रुपये की लागत), एमयूटीपी-III (10,947 करोड़ रुपये की लागत) और एमयूटीपी-IIIA (33,690 करोड़ रुपये की लागत) को मंजूरी दी गई है।

इन परियोजनाओं में मुंबई में रेल लाइनों का विस्तार,छठी लाइन मुंबई सेंट्रल-बोरीवली (30 किमी), 34 स्टेशनों पर प्लेटफार्म विस्तार का काम, हार्बर लाइन का विस्तार गोरेगांव-बोरीवली (7 किमी) विरार-दहानू रोड तीसरी और चौथी लाइन (64 किमी), 5वीं और 6वीं लाइन सीएसटीएम-कुर्ला (17.5 किमी),पनवेल-कर्जत लोकल कॉरिडोर (29.6 किमी) ऐरोली-कलवा एलिवेटेड कॉरिडोर (3.3 किमी) 5वीं और 6वीं लाइन बोरीवली-विरार (26 किमी), कल्याण-आसनगांव के बीच चौथी लाइन (32 किमी), कल्याण-बदलापुर के बीच तीसरी और चौथी लाइन (14.05 किमी), कल्याण यार्ड का निर्माण, नायगांव और जुचंद्र के बीच वसई बाईपास लाइन (डबल लाइन) (5.73 किमी) बदलापुर और कर्जत के बीच तीसरी और चौथी लाइन (32.46 किमी), आसनगांव और कसारा के बीच चौथी लाइन (34.97 किमी ) आदि प्रमुख प्रोजेक्ट का निर्माण शामिल है।

Navbharat Live
navbharatlive.com