Mumbai Local Stone Pelting: देश की आर्थिक राजधानी की लाइफलाइन कही जाने वाली मुंबई लोकल अब यात्रियों के लिए असुरक्षित होती जा रही है। मुंबई में चलती लोकल ट्रेन पर पत्थरबाजी की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला शुक्रवार की रात का है। छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) से बदलापुर के लिए निकली लोकल पर पत्थरबाजी का शिकार एक महिला यात्री हो गई।
बताया गया कि यह घटना परेल से दादर स्टेशन के बीच हुई। बदलापुर की तरफ आने वाली लोकल परेल से दादर की तरफ आ रही थी। उसी समय एक लहराता हुआ पत्थर दरवाजे पर खड़ी महिला यात्री को लगा। उस समय लोकल में काफी भीड़ थी।इस घटना से ट्रेन के यात्रियों में खलबली मच गई।
अज्ञात व्यक्ति द्वारा लोकल के महिला डिब्बे की तरफ उछाला गया वह पत्थर संयोग से महिला यात्री की आंख के नीचे लगा वर्ना उनकी आंख फूट सकती थी। चेहरे पर खून से लतपथ उस महिला को इलाज दादर रेलवे पुलिस और आरपीएफ की मदद से सायन अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां महिला यात्री की हालत खतरे से बाहर बताई गई। रेल पुलिस पत्थर फेंकने वाले आरोपी की तलाश कर रही है।
मुंबई में चलती लोकल ट्रेन पर पथराव…महिला यात्री हुई घायल#Mumbai #MaharashtraNews #MumbaiLocalTrain pic.twitter.com/AAkaXuo0D3 — Akash Masne (@AkashMasne5995) March 28, 2026
उल्लेखनीय है कि रेल पुलिस व प्रशासन के तमाम उपायों के बावजूद मुंबई लोकल पर कुछ सिरफिरों द्वारा पत्थरबाजी की घटनाओं को अंजाम दिया जाता रहा है। मुंबई लोकल लाइन के किनारे कई जगहों पर झोपड़ियां भी बसी हुईं हैं। ट्रैक के किनारे उन झुग्गी झोपड़ों में रहने वाले नशेड़ी युवक या बच्चे भी प्रायः लोकल पर पत्थरबाजी करते हैं।
यह भी पढ़ें:- क्या LPG को लेकर सरकारी दावे खोखले हैं? लोअर परेल से कांदिवली तक खाली सिलेंडर लेकर घंटों कतार में लोग
पिछले दिनों तो लोकल ट्रेन में ही यात्रियों के बीच हुए विवाद में हुई पत्थरबाजी में निशांत खत्री नामक युवक को अपनी एक आंख गंवाई पड़ी। लोकल में सुबह शाम भारी भीड़ की वजह से लोग दरवाजे पर लटक कर या खड़े होकर यात्रा करते हैं। ऐसे में पत्थरबाजी या अन्य कारणों से दुर्घटनाओं का भय बना रहता है।