ICF ने तैयार किया पहला 15 कोच EMU रेक (सोर्स: सोशल मीडिया)
ICF 15 Coach EMU Rake: मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेनों में सफर करने वाले लाखों यात्रियों के लिए एक बड़ी और सुखद खबर सामने आई है। चेन्नई स्थित इंटीग्रल कोच फैक्ट्री (ICF) ने 18 फरवरी 2026 को भारतीय रेलवे के इतिहास में एक नया मील का पत्थर स्थापित करते हुए 15 कोच वाला पहला ईएमयू (EMU) रेक तैयार कर लिया है। यह रेक विशेष रूप से मुंबई के पश्चिमी रेलवे उपनगरीय नेटवर्क (Western Railway) की जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाया गया है।
मुंबई लोकल की इस नए रेक की सबसे बड़ी विशेषता इसकी विशाल यात्री क्षमता है। रेलवे के आंकड़ों के अनुसार, यह 15 कोच वाली ट्रेन एक बार में लगभग 7,555 यात्रियों को ले जाने में सक्षम है। वर्तमान में चलने वाली 12 कोच की ट्रेनों की तुलना में यह क्षमता काफी अधिक है, जिससे पीक आवर्स के दौरान मुंबई के स्टेशनों पर होने वाली आपाधापी और ट्रेनों के अंदर की भारी भीड़ को कम करने में काफी मदद मिलेगी।
आईसीएफ के महाप्रबंधक यू. सुब्बा राव ने इस उपलब्धि पर टीम की सराहना करते हुए कहा कि फैक्ट्री देश की बदलती परिवहन जरूरतों के अनुसार खुद को ढाल रही है। केवल यही एक ट्रेन नहीं, बल्कि रेलवे की योजना आने वाले समय में ऐसे 12 और रेक तैयार करने की है। जब ये सभी रेक ट्रैक पर उतरेंगे, तो मुंबई उपनगरीय सेवाओं की क्षमता में क्रांतिकारी बदलाव देखने को मिलेगा।
यह भी पढ़ें:- MMRDA के बजट से बढ़ेगी मेट्रो-5 की रफ्तार, 4897 करोड़ रुपये से बदलेगी कल्याण के ट्रांसपोर्ट की तस्वीर
प्रमुख मुख्य यांत्रिक अभियंता एन. एस. आर. प्रसाद ने भी कर्मचारियों को इस रिकॉर्ड समय में काम पूरा करने के लिए बधाई दी। विशेषज्ञों का मानना है कि इस कदम से न केवल यात्रियों का सफर आरामदायक होगा, बल्कि ट्रेनों की फ्रीक्वेंसी और समयबद्धता में भी सुधार देखने को मिल सकता है।