सॉरी बोलने के बाद भी नहीं माना सनकी हमलावर, दौड़ाकर युवक के पेट में घोंपा चाकू, मुंबई लोकल में फिर खूनी खेल
Mumbai Local Train Crime: मुंबई लोकल के माहीम स्टेशन पर दिल दहला देने वाली वारदात। महज मामूली धक्का लगने पर सॉरी बोलने के बाद भी सनकी हमलावर ने युवक को दौड़ाकर पेट में घोंपा चाकू, आरोपी की तलाश जारी।
- Written By: गोरक्ष पोफली
मुंबई लोकल की फोटो (सोर्स: सोशल मीडिया)
Mumbai Local Mahim Station Knife Attack: मायानगरी की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेनें एक बार फिर खून से लाल हो गई हैं। अभी कुछ ही दिन पहले ट्रेन का दरवाजा बंद करने को लेकर हुए विवाद में एक युवक की हत्या का मामला ठंडा भी नहीं पड़ा था कि माहीम स्टेशन पर एक और रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। महज एक मामूली धक्का लगने और उसके लिए माफी मांगने के बावजूद, एक सरफिरे ने यात्री का पीछा किया और उस पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया।
यह खौफनाक घटना गुरुवार, 25 जून की रात करीब 10 बजे की है। माहीम पश्चिम के कुरेशी महल कंपाउंड में रहने वाले 35 वर्षीय नवीन प्रसन्न, जो लोअर परेल की एक निजी कंपनी में ऑफिस बॉय के रूप में कार्यरत हैं, अपना काम खत्म कर घर लौट रहे थे। उन्होंने लोअर परेल से धीमी लोकल पकड़ी और माहीम स्टेशन पर उतरे।
माफी भी नहीं आई काम
माहीम स्टेशन के बाहर पैदल चलते समय नवीन का एक अजनबी व्यक्ति से गलती से धक्का लग गया, जिससे उस व्यक्ति का मोबाइल हाथ से गिर गया। नवीन ने तुरंत अपनी गलती मानते हुए सॉरी कहा और माफी मांगी। गनीमत यह रही कि गिरने के बाद भी मोबाइल को कोई नुकसान नहीं पहुंचा था, लेकिन हमलावर के सिर पर खून सवार था। वह गाली-गलौज और विवाद करने लगा। नवीन ने मामला बढ़ता देख वहां से निकल जाना ही बेहतर समझा और आगे बढ़ गए।
सम्बंधित ख़बरें
यवतमाल में दूध की शुद्धता पर उठे सवाल, ग्राहक पंचायत ने नियमित जांच की मांग की
पुणे-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बढ़ा खतरा, टोल बचाने के लिए उल्टी दिशा में दौड़ रहे वाहन
मुहर्रम के जुलूस में 15,000 लोगों के कत्लेआम की खौफनाक साजिश, कौन है मौत की कैप्सूल बांटने वाला फैयाज प्रेमजी?
नासिक मनपा का ऐक्शन; स्वच्छता और मरम्मत अभियान उल्लंघनकर्ताओं से Monsoon Task Force ने वसूला ₹49,180 जुर्माना
सरेराह खूनी खेल और दहशत
हैरानी की बात यह है कि आरोपी का गुस्सा इतने पर भी शांत नहीं हुआ। उसने नवीन का पीछा करना शुरू कर दिया और सेनापती बापट मार्ग पर अचानक उन पर चाकू से हमला कर दिया। जब नवीन ने मदद के लिए शोर मचाया, तो सनकी हमलावर ने आसपास मौजूद लोगों को भी चाकू दिखाकर धमकाया और वहां से फरार हो गया।
यह भी पढ़ें: मुहर्रम के जुलूस में 15,000 लोगों के कत्लेआम की खौफनाक साजिश, कौन है मौत की कैप्सूल बांटने वाला फैयाज प्रेमजी?
अस्पताल में जिंदगी की जंग
खून से लथपथ नवीन को उनके भाई ने तत्काल सायन के लोकमान्य तिलक नगर पालिका अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बनी हुई है।
इस घटना से यात्रियों और स्थानीय लोगों में भारी डर का माहौल है। माहीम पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और स्टेशन परिसर के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसकी सरगर्मी से तलाश की जा रही है। मुंबई लोकल में बढ़ती हिंसा की इन घटनाओं ने सुरक्षा इंतजामों पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
