मुंबई की आर्थर रोड जेल में गैंगवार, गैंगस्टर प्रसाद पुजारी के साथ हुई मारपीट

मुंबई में आर्थर रोड जेल के भीतर कैदियों के दो गुटों के बीच झड़प हो गई। इस दौरान गैंगस्टर प्रसाद पुजारी के साथ मारपीट हुई। पुलिस ने 7 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
मुंबई की आर्थर रोड जेल में गैंगस्टर प्रसाद पुजारी से दो गुटों के बीच झगड़े के दौरान मारपीट
मुंबई मध्यवर्ती कारागृह व गैंगस्टर प्रसाद पुजारी (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

मुंबई: मुंबई की आर्थर रोड जेल से एक सनसनीखेज खबर सामने आयी है। यहां दो गुटों में झड़प हो गई। इस दौरान गैंगस्टर प्रसाद पुजारी से जमकर मारपीट हुई। इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ। पुलिस ने झड़प में शामिल प्रसाद पुजारी समेत 7 लोगों के खिलाफ एक मामला दर्ज किया है।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मुंबई में आर्थर रोड जेल के भीतर कैदियों के दो गुटों के बीच झड़प के दौरान कथित तौर पर गैंगस्टर प्रसाद पुजारी से मारपीट की गयी। यह झड़प पिछले सप्ताह केंद्रीय कारागार में हुई थी। इससे पहले, अधिकारियों ने कहा था कि गैंगस्टर सुरेश पुजारी के साथ जेल में मारपीट की गई।

क्या है मामला?

यह घटना 6 जुलाई की बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक एक बैरक में एक कैदी ने अपने पैर फैला रखे थे और उसी दौरान एक अन्य गुट का एक कैदी उस रास्ते से गुजर रहा था। पैर फैलाने पर वहां से गुजरने में दिक्कत होने पर कैदी ने आपत्ति जतायी, जिसके बाद पैर फैलाकर बैठे कैदी ने उससे गाली-गलौज की। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच झगड़ा शुरू हो गया। इसी बैरक में बंद प्रसाद पुजारी और उसके कुछ साथी भी इस झगड़े में शामिल हो गए। 4 कैदियों ने प्रसाद पुजारी के साथ कथित तौर पर मारपीट की। अधिकारी ने बताया कि पुजारी ने लड़ाई में बीच-बचाव की कोशिश की थी लेकिन दूसरे समूह के कैदियों ने उसकी पिटायी कर दी। उन्होंने बताया कि इसके बाद गैंगस्टर और उसके साथियों ने भी दूसरे समूह के कैदियों की पिटायी की।

जेल प्राधकारियों ने किया बीच-बचाव

अधिकारी ने बताया कि झगड़ा शुरू होने के कुछ ही देर बाद जेल प्राधिकारियों ने बीच-बचाव किया और स्थिति को काबू में किया। उन्होंने बताया कि जेल प्रशासन की शिकायत के आधार पर एन एम जोशी मार्ग पुलिस थाने में सात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 194 (2) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

अधिकारी ने कहा कि अन्य छह आरोपियों की पहचान लोकेंद्र रावत, मुकेश निषाद, अय्यूब शेख, इरफान खान, शोएब खान और सिद्धेश भोसले के रूप में हुई है।

गैंगस्टर प्रसाद पुजारी को पिछले साल चीन से लाया

बता दें कि गैंगस्टर प्रसाद पुजारी छोटा राजन गिरोह से जुड़ा था। उसे पड़ोसी देश चीन में 20 साल बिताने के बाद पिछले साल भारतीय जांच एजेंसियां उसे वहां से लेकर आयी थीं। अधिकारी ने बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ चीन में ही रह रहा था। उन्होंने बताया कि वापस लाए जाने के बाद मुंबई पुलिस के जबरन वसूली निरोधक प्रकोष्ठ ने उसे हिरासत में ले लिया था।

प्रसाद पुजारी ने शुरुआत में कुमार पिल्लई के गिरोह के साथ काम किया और बाद में छोटा राजन गिरोह में शामिल हो गया। अधिकारी ने बताया कि उसके खिलाफ मुंबई में पहले भी गंभीर अपराधों के आठ मामले दर्ज किए गए थे, जिनमें हत्या, हत्या का प्रयास और जबरन वसूली के आरोप शामिल हैं।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com