Mumbai-Goa Highway Accident News: मुंबई गोवा महामार्ग के सुकेली खिंड में शुक्रवार सुबह एक गंभीर सड़क हादसा हुआ। मुंबई की ओर से गोवा जा रही ओमकार ट्रैवल्स की यात्री बस अचानक नियंत्रण खोकर पलट गई, जिसमें दो यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई और 38 अन्य घायल हो गए।
हादसे के कारण कुछ समय के लिए महामार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। हादसे की सूचना मिलते ही नागोठणे पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। स्थानीय लोगों और बचाव दल की मदद से घायल यात्रियों को बाहर निकालकर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घायल यात्रियों का प्राथमिक उपचार नागोठणे सरकारी अस्पताल में किया गया, जबकि कुछ गंभीर रूप से घायल लोगों को आगे के इलाज के लिए रोहा, नागोठणे और नवी मुंबई के अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
हादसे के समय एक महिला बस के नीचे फंस गई थी, जिसे बाहर निकालने में बचाव कार्य में काफी समय लगा। इस कारण घटनास्थल पर कुछ समय के लिए तनावपूर्ण माहौल बन गया। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसे के कारण महामार्ग पर यातायात में भी कुछ समय के लिए जाम लग गया था, जिसे पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने तुरंत नियंत्रित किया।
खबर लिखे जाने तक हादसे का सही कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि बस की गति, चालक का नियंत्रण खोना या सड़क की स्थिति हादसे का कारण बनी।