

Highlights:
मुंबई के कोस्टल रोड टनल में शुक्रवार तड़के छह वाहनों की आपस में टक्कर हुई।
शुरुआती जांच में पता चला कि हादसे की शुरुआत दो कारों के बीच टक्कर से हुई थी।
दुर्घटना के बाद दोनों कारें टनल के अंदर सड़क पर खड़ी थीं, तभी पीछे से आए वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी।
Mumbai Coastal Road Accident: मुंबई के कोस्टल रोड टनल में शुक्रवार तड़के हुए छह वाहनों की टक्कर के मामले में मलबार हिल पुलिस ने दो कार चालकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। शुरुआती जांच के मुताबिक, टनल के भीतर पहले दो कारों के बीच दुर्घटना हुई थी।
इसके बाद दोनों कारें सड़क पर खड़ी थीं। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक वाहन ने खड़ी कारों को टक्कर मार दी, जिसके चलते एक के बाद एक कुल छह वाहन आपस में टकरा गए।
हादसे के बाद सभी दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को टनल से हटा दिया गया। इस मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281, 324(4) और मोटर वाहन अधिनियम की धारा 184 के तहत दो कार चालकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। डीसीपी आर. रागसुधा ने मामले में एफआईआर दर्ज होने की पुष्टि की है। पुलिस अब दुर्घटना के कारणों और संबंधित वाहन चालकों की भूमिका की जांच कर रही है।
बता दें कि राहत कार्य पूरा होने और टनल को सुरक्षित किए जाने के बाद उत्तर दिशा में यातायात दोबारा शुरू कर दिया था। पुलिस के मुताबिक, कोस्टल रोड पर यातायात सामान्य रूप से चल रहा है। हादसे में किसी के घायल नहीं होने से पुलिस और राहतकर्मियों ने राहत की सांस ली।