मुंबई कोस्टल रोड टनल में आपस में भिड़े 6 वाहन; बोनट से उठा धुआं तो पुलिस की सूझबूझ से टला हादसा

Mumbai Coastal Road Accident: मुंबई के कोस्टल रोड टनल में शुक्रवार तड़के 6 वाहनों की आपसी टक्कर हो गई। एक कार के बोनट से धुआं उठने पर पुलिस ने तुरंत आग बुझाकर बड़ा हादसा टाल दिया।
Mumbai Traffic Coastal Road Tunnel Collision
कोस्टल रोड(मुंबई )सोर्स- सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Highlights

  • मुंबई के कोस्टल रोड टनल में शुक्रवार तड़के छह वाहनों की टक्कर हुई।

  • दुर्घटना रात 2:33 बजे नॉर्थ बाउंड टनल में CP-9 और CP-10 के बीच हुई।

  • एक वाहन के बोनट से धुआं निकलने पर पुलिस ने फायर एक्सटिंग्विशर से आग बुझाई।

  • टोइंग वैन की मदद से सभी छह क्षतिग्रस्त वाहन बाहर निकाले गए।

Mumbai Traffic Coastal Road Tunnel Collision: मुंबई के कोस्टल रोड टनल में शुक्रवार तड़के छह वाहनों के बीच हुई टक्कर से कुछ समय के लिए अफरा-तफरी मच गई। यह दुर्घटना रात करीब 2:33 बजे मरीन ड्राइव ट्रैफिक विभाग की सीमा में नॉर्थ बाउंड टनल में सीपी-9 और सीपी-10 के बीच हुई।

हादसे में छह वाहन क्षतिग्रस्त हो गए, लेकिन राहत की बात यह रही कि किसी की जान नहीं गई और कोई व्यक्ति घायल भी नहीं हुआ।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, टनल के भीतर एक के बाद एक छह वाहन दुर्घटना का शिकार हुए। हादसे की सूचना मिलते ही मलबार हिल और गांवदेवी पुलिस थानों के रात्रि ड्यूटी पर तैनात अधिकारी और कर्मचारी तत्काल मौके पर पहुंचे।

पुलिसकर्मियों ने फायर एक्सटिंग्विशर से आग बुझाई

सहायक पुलिस आयुक्त सुवर्णा शिंदे भी घटनास्थल पर मौजूद थीं। पुलिसकर्मियों ने सबसे पहले दुर्घटनाग्रस्त वाहनों में सवार लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की और राहत कार्य शुरू किया।

इसी दौरान हादसे में शामिल एक वाहन के बोनट से अचानक धुआं निकलने लगा। टनल के भीतर वाहन से धुआं निकलने के कारण आग फैलने की आशंका बढ़ गई थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मुंबई शहर के पुलिसकर्मियों ने तत्काल फायर एक्सटिंग्विशर की मदद से आग बुझाई। समय रहते आग पर काबू पा लेने से संभावित बड़े हादसे को टाल दिया गया।

Mumbai Traffic Coastal Road Tunnel Collision
स्वर्ण पदक जीतकर चमकी थी अवनी, सड़क हादसे ने छीन ली जिंदगी; शव लेकर DCP कार्यालय पहुंचे परिजन

टनल के भीतर क्षतिग्रस्त वाहनों को बाहर निकाला

मुंबई के कोस्टल रोड टनल में उत्तर दिशा में वाहनों की आवाजाही कुछ समय के लिए पूरी तरह रोकनी पड़ी। टनल के भीतर क्षतिग्रस्त वाहनों के मौजूद रहने से दूसरे वाहनों के आवागमन में भी बाधा उत्पन्न हो रही थी। इसके बाद टोइंग वैन की मदद से सभी छह दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को टनल से बाहर निकाला गया।

राहत कार्य पूरा होने और टनल को सुरक्षित किए जाने के बाद उत्तर दिशा में यातायात दोबारा शुरू कर दिया गया। पुलिस के मुताबिक, फिलहाल कोस्टल रोड पर यातायात सामान्य रूप से चल रहा है। हादसे में किसी के घायल नहीं होने से पुलिस और राहतकर्मियों ने राहत की सांस ली।