

ठाणे के रहेजा गार्डन में लगी भीषण आग के दौरान 50 लोगों की जान बचाई गई।
नरेश म्हस्के ने अग्निशमन और TDRF जवानों को एक अतिरिक्त इंक्रीमेंट देने की मांग की।
अभियान में शामिल सभी बहादुर जवानों के सराहनीय कार्य के लिए यह पत्र लिखा गया है।
Thane Firefighters Naresh Mhaske Wrote Letter For Increment: ठाणे के रहेजा गार्डन स्थित 17 मंजिला कार्लाइन इमारत में लगी भीषण आग के दौरान अपनी जान जोखिम में डालकर 50 लोगों की जिंदगी बचाने वाले अग्निशमन दल और ठाणे आपदा राहत बल (TDRF) के जवानों को अब उनके साहस और उत्कृष्ट कार्य के लिए विशेष सम्मान दिया जाएगा।
ठाणे के सांसद नरेश म्हस्के ने इस बचाव अभियान में शामिल सभी अधिकारियों और जवानों को प्रोत्साहन के तौर पर एक अतिरिक्त वेतनवृद्धि (इंक्रीमेंट) देने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने ठाणे मनपा आयुक्त को पत्र लिखकर उचित कार्रवाई करने का आग्रह किया है।
दीपावली के दिन 8 नवंबर को रात करीब 8:30 बजे रहेजा गार्डन परिसर की कार्लाइन नामक 17 मंजिला इमारत में भीषण आग लग गई थी। आग की सूचना मिलते ही राज्य के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और प्रभावित रहिवासियों की मदद की। इमारत में आग के कारण बड़े पैमाने पर धुआं फैल गया था, जिससे लिफ्ट का इस्तेमाल करना असंभव हो गया था।
पालतू जानवरों को भी सुरक्षित निकाला
ऐसे चुनौतीपूर्ण हालात में अग्निशमन दल और टीडीआरएफ के जवानों ने अदम्य साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए सीढ़ियों, और स्ट्रेचर की मदद से 50 रहिवासियों को सुरक्षित बाहर निकाला। इस दौरान जवानों ने इंसानियत की मिसाल पेश करते हुए इमारत में फंसे लोगों के पालतू कुत्तों और बिल्लियों को भी सुरक्षित बचाया।
कई घंटों तक लगातार अभियान चलाकर जवानों ने आग पर काबू पाया और बड़ी जनहानि होने से रोक दी। जवानों की इस बहादुरी और कर्तव्यनिष्ठा की उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने भी घटनास्थल पर सराहना की थी।
एक इंक्रीमेंट देकर किया जाए सम्मानित
सांसद नरेश म्हस्के ने कहा कि आपदा के समय अपनी जान की परवाह किए बिना नागरिकों की सुरक्षा के लिए काम करने वाले जवानों का योगदान बेहद महत्वपूर्ण है। उनकी असाधारण सेवा को देखते हुए बचाव अभियान में शामिल सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को एक वेतनवृद्धि देकर सम्मानित किया जाना चाहिए।
उन्होंने विश्वास जताया कि इस निर्णय से जवानों के समर्पण और साहस का उचित सम्मान होगा तथा भविष्य में आपदा प्रबंधन से जुड़े कर्मचारियों का मनोबल और कार्य करने का उत्साह भी बढ़ेगा।