

Highlights:
मुंबई विश्वविद्यालय के कालीना परिसर में आयोजित पुस्तक महोत्सव के चौथे दिन बच्चों और विद्यार्थियों की भारी भीड़ पहुंची।
महोत्सव में 600 से अधिक स्टॉलों पर हिंदी, मराठी, अंग्रेजी सहित विभिन्न भाषाओं की पुस्तकें उपलब्ध हैं।
साहित्य, इतिहास, युद्ध, पौराणिक कथाओं, छत्रपति शिवाजी महाराज और स्वराज्य जैसे विषयों पर चर्चा हुई।
पैरालंपिक खिलाड़ी पद्मश्री दीपा मलिक ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि सीखते रहेंगे, तो जीतते रहेंगे।
Mumbai Book Festival: मुंबई विश्वविद्यालय के कालीना परिसर में आयोजित मुंबई पुस्तक महोत्सव के चौथे दिन भी बच्चों और विद्यार्थियों की भारी भीड़ उमड़ी। हजारों विद्यार्थियों ने महोत्सव में पहुंचकर अपनी पसंद की पुस्तकें खरीदीं। अंग्रेजी, मराठी और हिंदी साहित्य के स्टॉलों पर विशेष रौनक रही। पाठकों के उत्साह और अच्छी बिक्री से स्टॉल संचालक भी खुश नजर आए। कई संचालकों का कहना था कि 29 नवंबर तक चलने वाले इस महोत्सव की अवधि दो-तीन दिन और बढ़ाई जानी चाहिए थी।
भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के अंतर्गत राष्ट्रीय पुस्तक न्यास की ओर से महाराष्ट्र सरकार, बीएमसी और मुंबई विश्वविद्यालय के सहयोग से आयोजित इस महोत्सव का चौथा दिन साहित्य, इतिहास, युद्ध, पौराणिक कथाओं, छत्रपति शिवाजी महाराज, ज्योतिबा फुले, स्वराज्य, वाचन संस्कृति और पैरालंपिक खिलाड़ियों के संघर्ष एवं उपलब्धियों पर केंद्रित रहा।
राष्ट्रीय पुस्तक न्यास के अध्यक्ष डॉ. मिलिंद मराठे और निदेशक युवराज मलिक ने विद्यार्थियों की बड़ी संख्या में भागीदारी पर संतोष जताया। महोत्सव में 600 से अधिक पुस्तक स्टॉल लगाए गए हैं, जहां अलग-अलग भाषाओं और विधाओं की पुस्तकें उपलब्ध हैं।
भारतीय पौराणिक कथाओं को नए अंदाज में प्रस्तुत करने के विषय पर लेखक आनंद नीलकंठन ने श्वेता पड़दा के साथ संवाद किया। उन्होंने कहा कि पाठकों की रुचि बनाए रखने और नई पीढ़ी को साहित्य से जोड़ने के लिए लेखकों को नए प्रयोग करने होंगे।
स्वराज्य आणि राज्य कारभार सत्र में मेधा देशमुख भास्करन ने वर्षा मुले से बातचीत में कहा कि नेपोलियन बोनापार्ट पर अंग्रेजी में सैकड़ों पुस्तकें उपलब्ध हैं, लेकिन छत्रपति शिवाजी महाराज जैसे प्रेरणादायी व्यक्तित्व पर अपेक्षाकृत कम पुस्तकें हैं। उन्होंने भारतीय इतिहास के महान व्यक्तित्वों पर अधिक लेखन और अध्ययन की जरूरत पर जोर दिया।
एक अन्य सत्र में लेखक और पत्रकार अंशुल चतुर्वेदी ने कहा कि महापुरुषों को केवल नारों तक सीमित कर देना हमारी सोच की कमजोरी है। स्वामी विवेकानंद को उठो, जागो और नेताजी सुभाषचंद्र बोस को दिल्ली चलो तक सीमित नहीं किया जाना चाहिए। उनके जीवन, संघर्ष और विचारों का दायरा इन नारों से कहीं व्यापक है। फिल्मकार नीला माधब पांडा के साथ संवाद में उन्होंने कहा कि नेताजी की मृत्यु को लेकर होने वाली चर्चाओं के बजाय उनके विचारों और योगदान को समझने पर अधिक ध्यान देना चाहिए। उन्होंने युवाओं से सोशल मीडिया के सतही संदेशों से आगे बढ़कर महापुरुषों के साहित्य को पढ़ने और उनके विचारों को जीवन में अपनाने की अपील की।
महोत्सव में पद्मश्री सम्मानित पैरालंपिक खिलाड़ी दीपा मलिक ने युवाओं को सफलता का मंत्र देते हुए कहा कि सीखते रहेंगे, तो जीतते रहेंगे। मोहम्मद मुर्तजा अली से बातचीत में उन्होंने अपने जीवन के संघर्षों और उपलब्धियों को साझा किया। उन्होंने कहा कि मुश्किलें कितनी भी आएं, हार नहीं माननी चाहिए। लगातार प्रयास और सीखने की ललक ही सफलता की राह बनाती है।
इसके अलावा लेफ्टिनेंट कमांडर विजय नायर, अवरीन जैदी और डॉ. अपर्णा नागदा ने भी अवनी कट्टकर के साथ संवाद किया। वक्ताओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए युवाओं को चुनौतियों का सामना करने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी। महोत्सव में आए विद्यार्थियों ने आयोजन की सराहना करते हुए मुख्य आयोजक अमित साटम और मुख्य संयोजक आचार्य पवन त्रिपाठी के प्रयासों की भी प्रशंसा की।