मुंबई में आज से पुस्तक महोत्सव, 600 से अधिक स्टॉल पर सजेगी किताबों की दुनिया

Mumbai Book Festival 2026: मुंबई विश्वविद्यालय में मुंबई बुक फेस्टिवल 2026 की शुरुआत हो गई है। 29 नवंबर तक चलने वाले इस 6 दिवसीय पुस्तक महोत्सव में 95 से अधिक सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
mumbai book festival 2026 kalina university
मुंबई पुस्तक महोत्सव(सोर्सः सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • मुंबई विश्वविद्यालय के कलिना परिसर में छह दिवसीय मुंबई बुक फेस्टिवल 2026 की शुरुआत हुई है, जो 29 नवंबर तक चलेगा।

  • महोत्सव में देशभर के प्रकाशकों और लेखकों की भागीदारी के साथ 600 से अधिक पुस्तक स्टॉल लगाए गए हैं।

  • आयोजन के दौरान 200 से अधिक साहित्यिक सत्र और 95 से ज्यादा सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।

  • मराठी भाषा और साहित्य के लिए विशेष लेखक मंच बनाया गया है, जहां 50 सत्र आयोजित किए जाएंगे।

Mumbai University Kalina Campus: मुंबई में पुस्तक प्रेमियों के लिए मंगलवार से छह दिवसीय पुस्तक महोत्सव की शुरुआत हो गई है। मुंबई विश्वविद्यालय के कलिना परिसर में 29 नवंबर तक आयोजित होने वाले मुंबई बुक फेस्टिवल 2026 में देशभर के प्रकाशकों, लेखकों, साहित्यकारों और कलाकारों की भागीदारी रहेगी। महोत्सव में 600 से अधिक पुस्तक स्टॉल लगाए गए हैं। इसके साथ ही साहित्यिक चर्चाओं, लेखक संवाद और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए साहित्य और कला के विभिन्न पहलुओं को सामने लाया जाएगा।

29 नवंबर तक चलेगा कार्यक्रम

नेशनल बुक ट्रस्ट (NBT), महाराष्ट्र सरकार, मुंबई विश्वविद्यालय और बृहन्मुंबई महानगरपालिका के संयुक्त सहयोग से आयोजित इस महोत्सव में 200 से अधिक साहित्यिक सत्र रखे गए हैं। आयोजकों के अनुसार, छह दिनों के दौरान 95 से अधिक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। इसका उद्देश्य लोगों में पढ़ने की आदत को प्रोत्साहित करने के साथ नई पीढ़ी को किताबों और साहित्य से जोड़ना है।

लेखकों से संवाद का मिलेगा अवसर

महोत्सव में अलग-अलग विषयों पर लेखकों और विचारकों के साथ चर्चा आयोजित की जाएगी। समकालीन साहित्य, इतिहास, पत्रकारिता, राजनीति, शिक्षा, रंगमंच और सामाजिक विषयों पर होने वाले सत्रों में साहित्यकार अपने विचार रखेंगे। पाठकों को भी लेखकों से सीधे संवाद करने का अवसर मिलेगा।

मराठी भाषा और साहित्य को विशेष स्थान देते हुए अलग मराठी लेखक मंच तैयार किया गया है। इस मंच पर कुल 50 सत्र आयोजित होंगे। इनमें मराठी साहित्य, भाषा, संस्कृति और मौजूदा सामाजिक परिस्थितियों से जुड़े विषयों पर चर्चा होगी।

mumbai book festival 2026 kalina university
नागपुर के रेशमबाग मैदान में देश का पहला AI आधारित स्मार्ट शौचालय शुरू, नागरिकों को मुफ्त सुविधा
mumbai book festival 2026 kalina university
मुंबई बुक फेस्टिवल 2026(सोर्सः सोशल मीडिया)

बच्चों के लिए भी खास आयोजन

बच्चों को किताबों की दुनिया से जोड़ने के लिए महोत्सव में 20 से अधिक विशेष गतिविधियां रखी गई हैं। कहानी सुनाने, चित्रकला, रचनात्मक लेखन, वाचन और प्रश्नोत्तरी जैसी गतिविधियों के माध्यम से बच्चों की कल्पनाशक्ति और रचनात्मकता को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा।

संगीत और प्रदर्शनियों का आकर्षण

पुस्तकों के साथ संगीत प्रेमियों के लिए भी आयोजन में खास प्रस्तुतियां होंगी। गायिका वैशाली सामंत और गायक अवधूत गुप्ते सहित अन्य कलाकार सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश करेंगे। इसके अलावा 'वंदे मातरम्' के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर विशेष प्रदर्शनी लगाई जाएगी। महात्मा ज्योतिराव फुले की 200वीं जयंती वर्ष और सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में भी प्रदर्शनियां आयोजित की जाएंगी।

mumbai book festival 2026 kalina university
ठाणे जिले के सरकारी स्कूल और स्वास्थ्य केंद्र होंगे हाईटेक: 550 करोड़ से होगा आधुनिकीकरण

कलिना परिसर में होगा आयोजन

मुंबई बुक फेस्टिवल मुंबई विश्वविद्यालय के कलिना परिसर में गेट नंबर दो पर आयोजित किया जा रहा है। पुस्तक प्रेमी 29 नवंबर तक यहां पहुंचकर विभिन्न भाषाओं की किताबें देख और खरीद सकेंगे। आयोजन से जुड़ी विस्तृत जानकारी और कार्यक्रमों की समय-सारणी के लिए www.mumbaibookfestival.com पर संपर्क किया जा सकता है।