

Varsha Gaikwad: दीपावली के उपलक्ष्य में मुंबई बीजेपी के एक नेता एक हैं तो सेफ हैं स्लोगन के साथ समर्थकों एवं कार्यकर्ताओं में मिठाई बांट रहे हैं। इस वजह से मुंबई सहित पूरे महाराष्ट्र में सियासी घमासान मच गया है। मुंबई प्रदेश कांग्रेस की अध्यक्ष व सांसद वर्षा गायकवाड ने भाजपा पर त्योहारों के मौसम में नफरत फैलाने का आरोप लगाया।
बीजेपी और उसके गठबंधन महायुति पर द्वेष फैलाने का आरोप लगाते हुए वर्षा गायकवाड ने कहा कि भगवा पार्टी के नेतृत्व में मुंबई असुरक्षित हो जाएगी। देश की सबसे अमीर महानगरपालिका (मुंबई बीएमसी) का खजाना लूट लिया जाएगा और शहर के लोगों में फूट पड़ेगी।
इस मौके पर राज्य कांग्रेस प्रवक्ता सचिन सावंत ने कहा कि भाजपा हर हर चुनाव में चुवीकरण की राजनीति करती है। सावंत ने कहा कि 2024 के लोकसभा और विधानसभा चुनावों के दौरान तथाकथित हिंदू जन आक्रोश मोर्चा के दौरान में यही सब देखा था। 'एक है तो सेफ हैं, बटोगे तो कटोगे' जैसे नफरत भरे नारे लगाए गए। बीजेपी के नेता नियमित रूप से जहरीले बयान देते रहते हैं।
सावंत ने कहा कि बीएमसी चुनावों से पहले एक बार फिर से मुंबई में ऐसी ही स्थिति पैदा की जा रही है, जबकि बीएमसी चुनावों के प्रचार शहर से जुड़े वास्तविक मुद्दों पर केंद्रित होने चाहिए।
यह चुनाव मुंबई की सफाई, सीवेज निपटारे, हर साल आने वाली बाढ़, अस्पतालों और स्कूलों की स्थिति, टूटी नालियों, महिलाओं के लिए गंदे और अपर्याप्त सार्वजनिक शौचालयों, ढहते फुटपाथों, लोगों की जान लेने वाले गड्डों, भीषण ट्रैफ़िक जाम, कचरा प्रबंधन, खुली जगहों के दुरुपयोग, बिल्डर-नेताओं की सांठगांठ, ठेकेदारों के भ्रष्टाचार और बीएमसी की वित्तीय गिरावट के बारे में है।
देश की आर्थिक राजधानी मुंबई गंभीर रूप से बीमार है। यदि हम वास्तव में इसे बचाना चाहते हैं, तो हमें स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार और मुंबईवासियों के जीवन को आसान बनाने की बात करनी होगी।