Mumbai Bhajan Jamming Concert (सोर्सः सोशल मीडिया)
Mumbai Cultural Event: भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो), मुंबई द्वारा आयोजित भव्य ‘लाइव भजन जैमिंग’ कॉन्सर्ट ने शहर के सांस्कृतिक परिदृश्य में एक नई ऊर्जा भर दी है। यह कार्यक्रम न केवल संगीत का एक प्रदर्शन था, बल्कि एक विशाल आध्यात्मिक उत्सव बन गया, जिसने भक्ति और आधुनिक युवा चेतना को एक सूत्र में पिरो दिया।
कॉन्सर्ट में मुंबईकरों, विशेषकर युवाओं की भारी भीड़ देखी गई। ‘रहस्य – द म्यूजिकल प्रोजेक्ट’ (पूर्व में ‘साधो द बैंड’) ने पारंपरिक भजनों को आधुनिक संगीत के साथ प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। भजनों की गूंज और तालियों की गड़गड़ाहट के बीच पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। इस अनूठे प्रयोग ने यह साबित कर दिया कि यदि परंपरा को आधुनिक ढंग से पेश किया जाए, तो वह आज की पीढ़ी के दिलों को गहराई से छू सकती है।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य ‘जेन जेड’ यानी आज की युवा पीढ़ी को अपनी समृद्ध भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक जड़ों से जोड़ना था। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के प्रेरणादायी नेतृत्व और भाजपा मुंबई अध्यक्ष व विधायक अमित साटम के मार्गदर्शन में यह दूरदर्शी प्रयास सफल रहा। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि आधुनिकता और परंपरा एक साथ चल सकते हैं।
इस अवसर पर भाजयुमो मुंबई के अध्यक्ष दीपक सिंह ने कहा कि भजन जैमिंग एक ऐसा मंच है जहां भक्ति और युवा ऊर्जा का सुंदर मिलन होता है। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री आशीष शेलार, मुंबई भाजपा अध्यक्ष अमित साटम, मुंबई की महापौर रितुताई तावड़े, भाजपा मुंबई महामंत्री आचार्य पवन त्रिपाठी, प्रसिद्ध अभिनेत्री दीपशिखा नागपाल सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
ये भी पढ़े: मुंबई के 5-स्टार होटल में 25 हजार का कमरा और 365 दिन की बुकिंग; अशोक खरात के ‘हवाला हब’ का खुलासा
अपनी सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए, भाजयुमो ने इस कार्यक्रम की टिकट बिक्री से प्राप्त ₹10 लाख की पूरी राशि मुख्यमंत्री सहायता निधि में दान कर दी। ‘इमर्जेंस’ के प्रबंधन में आयोजित इस कार्यक्रम ने शहरी जीवनशैली के बीच सांस्कृतिक जागरूकता और सामाजिक एकता को मजबूत करने का एक सशक्त उदाहरण पेश किया है।