मुंबई एयरपोर्ट पर कस्टम का बड़ा एक्शन, सोना, विदेशी मुद्रा और हीरे जड़ित गहने जब्त
Mumbai News: मुंबई एयरपोर्ट पर कस्टम ने दो मामलों में कार्रवाई कर 66.43 लाख का सोना, 35.92 लाख की विदेशी मुद्रा और हीरे जड़ित गहने जब्त किए है।
- Written By: सोनाली चावरे
मुंबई हवाई अड्डे पर कस्टम कार्रवाई (pic credit; social media)
Mumbai Airport: मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कस्टम विभाग ने तस्करी की एक और कोशिश को नाकाम कर दिया। सीमा शुल्क क्षेत्र के हवाई अड्डा आयुक्तालय ने दो अलग-अलग मामलों में भारी मात्रा में 24 कैरेट सोना, विदेशी मुद्रा और हीरे जड़ित आभूषण जब्त किए हैं। इस कार्रवाई में एक यात्री को गिरफ्तार किया गया है।
कस्टम अधिकारियों ने बताया कि इंडिगो एयरलाइंस की दुबई-मुंबई उड़ान से आए एक यात्री के पास से 0.689 किलोग्राम 24 कैरेट सोने के टुकड़े बरामद किए गए। यह सोना यात्री ने अपने शरीर के अंदर छिपाकर रखा था। जब अधिकारियों ने उसे शक के आधार पर रोका और जांच की, तो तस्करी का यह मामला सामने आया। बरामद सोने की कीमत करीब 66.43 लाख रुपये आंकी गई है। यात्री को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
बैग से विदेशी मुद्रा और हीरे जड़ित गहने बरामद
इसी दौरान एक और यात्री को पकड़ा गया, जो इंडिगो एयरलाइंस से मुंबई से बैंकॉक जा रहा था। जांच के दौरान उसके ट्रॉली बैग से 35.92 लाख रुपये की विदेशी मुद्रा और 1.30 लाख रुपये कीमत वाले प्राकृतिक हीरे जड़ित 24 कैरेट सोने के आभूषण बरामद हुए। इनमें एक अंगूठी और दो झुमके शामिल हैं। ये सभी सामान बैग के अंदर बड़े ही चालाकी से छिपाए गए थे।
सम्बंधित ख़बरें
बॉलीवुड एक्ट्रेस कीर्ति कुल्हारी का क्रेडिट कार्ड हैक, मिनटों में खाते से उड़े ₹2.43 लाख; पुलिस में मामला दर्ज
अंधेरी वेस्ट मेट्रो स्टेशन पर बनेगा कैप्सूल होटल, यात्रियों को मिलेगी स्लीप पॉड्स में आराम की नींद
अमित शाह से डील पक्की, शरद पवार को वापस मिलेगी NCP? दमानिया के बड़े दावे से अजित गुट को छूटा पसीना
स्कूल कैंटीनों में अब चॉकलेट, चिप्स, कोल्ड ड्रिंक नहीं मिलेंगे! तुकाराम मुंढे का आदेश- क्वालिटी बोर्ड अनिवार्य
कस्टम विभाग की सतर्कता
कस्टम अधिकारियों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय उड़ानों से सोना और विदेशी मुद्रा की तस्करी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। ज्यादातर मामलों में यात्री या तो अपने शरीर में सामान छिपाकर लाते हैं या फिर बैग के गुप्त हिस्सों का इस्तेमाल करते हैं। विभाग ने बताया कि तस्करी रोकने के लिए निगरानी और सख्त कर दी गई है।
तस्करी नेटवर्क पर शक
अधिकारियों को संदेह है कि पकड़े गए यात्री किसी बड़े तस्करी गिरोह का हिस्सा हो सकते हैं। दोनों मामलों की गहन जांच शुरू कर दी गई है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि इस सोने और विदेशी मुद्रा की डिलीवरी मुंबई में किसे होनी थी और इसके पीछे कौन सा नेटवर्क काम कर रहा है।
नियमित जांच से खुलासा
कस्टम विभाग का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई से यह साफ होता है कि सतर्कता और सघन जांच के जरिए अवैध गतिविधियों को रोका जा सकता है। पिछले कुछ महीनों में एयरपोर्ट पर लगातार कई बार लाखों रुपये की सोने और विदेशी मुद्रा की तस्करी पकड़ी गई है।
मुंबई एयरपोर्ट पर हुई यह कार्रवाई एक बार फिर साबित करती है कि तस्कर कितनी भी चालाकी क्यों न करें, कस्टम विभाग की चौकसी के आगे उनके मंसूबे पूरे नहीं हो पाते।
