Mulund Train Murder: 13 साल के बेटे के सामने मां की हत्या; मुलुंड स्टेशन पर पति ने पत्नी को ट्रेन के आगे धकेला
Mumbai Crime News: मुलुंड स्टेशन पर पत्नी को ट्रेन के आगे धक्का देने वाले आरोपी पति को GRP ने सूरत से गिरफ्तार कर लिया। पारिवारिक विवाद और तलाक की जिद इस सनसनीखेज वारदात की वजह बनी।
- Written By: अपूर्वा नायक
मुलुंड ट्रेन मर्डर (सौ. सोशल मीडिया )
Mulund Train Murder Case: मुंबई के मुलुंड रेलवे स्टेशन पर हुई सनसनीखेज हत्या के मामले में गवर्नमेंट रेलवे पुलिस (GRP) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी पति राजू गुप्ता (42) को सूरत से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर अपनी पत्नी पुष्पा को चलती लोकल ट्रेन के आगे धक्का देकर हत्या करने का आरोप है।
यह दर्दनाक घटना शनिवार को हुई, जब दंपति का 13 वर्षीय बेटा भी मौके पर मौजूद था। इस घटना ने न केवल परिवार बल्कि स्टेशन पर मौजूद यात्रियों को भी झकझोर कर रख दिया।
पहले से चल रहा था विवाद
पुलिस के अनुसार, राजू और पुष्पा के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। पुष्पा ने इससे पहले पति के खिलाफ दो नॉन-कॉग्निजेबल शिकायतें दर्ज कराई थीं। झगड़ों से परेशान होकर वह अपने बड़े बेटे के साथ उत्तर प्रदेश स्थित मायके चली गई थीं।
सम्बंधित ख़बरें
महाराष्ट्र सरकार का बड़ा फैसला: सरकारी सेवाएं होंगी पूरी तरह डिजिटल, फाइल मंजूरी सिर्फ 3 स्तर तक सीमित
मुंबई में Gen Z और Gen Alpha के साथ कल सीधा संवाद करेंगे RSS प्रमुख मोहन भागवत; NMACC में तैयारी पूरी
बिना टिकट यात्रा पड़ेगी भारी! पश्चिम रेलवे ने वसूला ₹83.25 करोड़ जुर्माना, फर्जी UTS ऐप पर FIR दर्ज
MBBS बनाम BHMS: मिक्सोपैथी पर क्यों मचा घमासान? जानें 60% अस्पतालों को चलाने वाले डॉक्टरों का पक्ष
सुलह के लिए लौटी थी मुंबई
बताया जा रहा है कि 14 मार्च को पुष्पा मुंबई लौटी थीं। उनके भाई कमलेश कुमार, जो सेना में हैं, दोनों के बीच सुलह कराने की कोशिश कर रहे थे। इसी सिलसिले में परिवार मुलुंड स्टेशन पहुंचा था।
स्टेशन पर बढ़ा विवाद
घटना वाले दिन परिवार के बीच विवाद और बढ़ गया। भाई को शक हुआ कि आरोपी ने उनका एटीएम और पहचान पत्र ले लिया है। इसके बाद घर पर भी झगड़ा हुआ, जहां आरोपी ने कथित तौर पर भाई और बड़े बेटे को बंद कर दिया और छोटे बेटे को लेकर निकल गया।
तलाक की जिद बनी वजह
पुलिस के मुताबिक, बाद में आरोपी मुलुंड स्टेशन पहुंचा और पत्नी को रोकने की कोशिश की। लेकिन जब पुष्पा तलाक लेने पर अड़ी रहीं, तो गुस्से में आकर उसने उन्हें कल्याण की ओर जा रही लोकल ट्रेन के सामने धक्का दे दिया।
ये भी पढ़ें :- मालाड के डी-मार्ट में अनोखी ठगी, बारकोड से छेड़छाड़ कर 7 महीने तक मुफ्त में ले गया चीनी
फरारी के बाद गिरफ्तारी
घटना के बाद आरोपी अपने छोटे बेटे के साथ भाग गया और वनगांव होते हुए सूरत पहुंच गया। GRP ने तकनीकी जांच और ट्रैकिंग के जरिए उसे पकड़ लिया। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है। इस घटना ने घरेलू विवाद के खतरनाक परिणामों को एक बार फिर उजागर कर दिया है।
