

MSRTC NCMC Card Discount Rule: महाराष्ट्र राज्य मार्ग परिवहन महामंडल की बसों में सरकार की यात्रा रियायत का लाभ लेने वाले महिलाओं और बुजुर्गों के लिए अब एनसीएमसी कार्ड जरूरी होगा। आज से 65 से 75 वर्ष की आयु वाले वरिष्ठ नागरिकों और महिला यात्रियों को रियायती टिकट एनसीएमसी कार्ड के माध्यम से ही दिया जाएगा। ऐसे में यात्रियों को यात्रा के दौरान कार्ड साथ रखना होगा और उसमें आवश्यक राशि टॉप-अप करानी होगी।
हालांकि, 75 वर्ष से अधिक आयु के अमृत वरिष्ठ नागरिकों को कार्ड पंजीकरण में आ रही तकनीकी दिक्कतों के कारण कुछ समय के लिए इस अनिवार्यता से राहत दी गई है। एसटी महामंडल के परिपत्र के अनुसार सरकार के निर्देश पर विभिन्न सामाजिक वर्गों को रियायती यात्रा सुविधा दी जाती है।
मंगलवार से 65 से 75 वर्ष के वरिष्ठ नागरिकों और महिला यात्रियों के लिए रियायती टिकट एनसीएमसी कार्ड से ही जारी होगा। इसलिए यात्रियों को सफर के दौरान कार्ड साथ रखना और उसमें आवश्यक राशि का टॉप-अप कराना होगा। इस संबंध में मानक कार्यप्रणाली संबंधित आगारों को भेज दी गई है। महामंडल ने यात्रियों से 1 सितंबर से पहले नजदीकी एसटी आगार में पंजीकरण व कार्ड वितरण की प्रक्रिया पूरी कराने तथा कार्ड में राशि टॉप-अप कराने की अपील की है।
एनसीएमसी कार्ड के पंजीकरण और वितरण की प्रक्रिया एसटी महामंडल की ओर से जारी है। अब तक 1 करोड़ 11 लाख 78 हजार 90 लोगों ने एनसीएमसी कार्ड के लिए पंजीकरण कराया है। फिलहाल, वरिष्ठ नागरिकों और महिला यात्रियों के कार्ड का पंजीकरण व वितरण किया जा रहा है।
एनसीएमसी कार्ड के पंजीकरण और वितरण की जिम्मेदारी एसटी महामंडल ने ई-बिक्स टेक्नोलॉजीज लिमिटेड को सौंपी है। कंपनी के माध्यम से कार्ड के पंजीकरण और वितरण की प्रक्रिया संचालित की जा रही है।