सुषमा अंधारे, आप भी बन जाइए अभिनेत्री…, कोल्हापुर फिल्म निगम चुनाव में शिरके की एंट्री पर भड़के सुशांत शेलार
Sushant Shelar On Sushma Andhare: कोल्हापुर में मराठी चित्रपट महामंडल चुनाव को लेकर सुशांत शेलार और सुषमा अंधारे के बीच छिड़ा बड़ा जुबानी युद्ध।
- Written By: अनिल सिंह
सुषमा अंधारे और सुशांत शेलार (फोटो क्रेडिट-X)
Sushant Shelar Slam Sushma Andhare: महाराष्ट्र में एक तरफ जहां मुख्यधारा के राजनीतिक दल विधानसभा चुनावों की बिसात बिछाने में व्यस्त हैं, वहीं दूसरी तरफ कोल्हापुर में मराठी सिनेमा के सर्वोच्च संगठन ‘चित्रपट महामंडल’ के चुनावों ने भी राजनीतिक रूप ले लिया है। वरिष्ठ अभिनेता विजय पाटकर के इस सनसनीखेज आरोप ने कि एक मंत्री के ओएसडी के दबाव में उनका पर्चा दाखिल नहीं होने दिया गया, पूरे फिल्म जगत में खलबली मचा दी थी। विपक्षी उम्मीदवार मेघराज राजेभोसले द्वारा इस पर प्रतिक्रिया देने के बाद, शिवसेना (यूबीटी) की फायरब्रांड नेता सुषमा अंधारे ने इसे कलाकारों के अधिकारों का हनन बताते हुए सरकार को आड़े हाथों लिया था।
अब इस ‘पॉलिटिकल ड्रामा’ में नया मोड़ लाते हुए महायुति समर्थित अभिनेता सुशांत शेलार ने कोल्हापुर में एक धमाकेदार प्रेस कॉन्फ्रेंस की। शेलार ने विजय पाटकर को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि वे विक्टिम कार्ड (पीड़ित होने का नाटक) खेलना बंद करें। उन्होंने पाटकर के कार्यकाल का कच्चा चिट्ठा खोलते हुए दावा किया कि ‘मन्नाचा मुजरा’ नामक एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम के आयोजन में बड़े पैमाने पर हेरफेर किया गया था। ऑडिट रिपोर्ट का हवाला देते हुए शेलार ने कहा कि इस कार्यक्रम के खर्च में 10 लाख 78 हजार रुपये का ऐसा अंतर (Deficit) पाया गया है, जिसका पाटकर के पास कोई जवाब नहीं है।
ट्रस्ट ने खर्चों पर लगाया था प्रतिबंध, इसलिए रुके थे काम
विजय पाटकर द्वारा लगाए गए विकास कार्यों को रोकने के आरोपों पर स्पष्टीकरण देते हुए सुशांत शेलार ने कहा कि पिछले 60 वर्षों में चित्रपट महामंडल ने कई इमारतों और संपत्तियों का निर्माण कराया है। लेकिन वित्तीय पारदर्शिता और व्यय नियंत्रण सुनिश्चित करने के लिए चैरिटी ट्रस्ट ने हर एक रुपये के खर्च की विस्तृत जानकारी देने का सख्त निर्देश दिया था। इसी प्रशासनिक और कानूनी प्रक्रिया के कारण कुछ विकास कार्यों को अस्थायी रूप से रोका गया था, न कि किसी राजनैतिक दबाव के चलते।
सम्बंधित ख़बरें
महाराष्ट्र के अहिल्यानगर में बड़ा हादसा, पुलिस मुख्यालय में ट्रेनिंग के दौरान फटा हैंड ग्रेनेड, 4 जवान घायल
गोवंश के सरंक्षण में उतरा परिवहन विभाग, बकरीद पर गायों के अवैध ट्रांसपोर्टेशन पर होगी सख्त कार्रवाई
अहिल्यानगर में पाइपलाइन रोड पर गैंग का आतंक, युवक पर हमला कर हवा में फायरिंग, इलाके में दहशत
NCP विधायक इदरीस नायकवाड़ी से पार्टी ने मांगा इस्तीफा? महाराष्ट्र में बढ़ी सियासी हलचल
ये भी पढ़ें- NCP विधायक इदरीस नायकवाड़ी से पार्टी ने मांगा इस्तीफा? महाराष्ट्र में बढ़ी सियासी हलचल
नीलम शिरके के समर्थन में आए शेलार, सुषमा अंधारे को दी चुनौती
इस विवाद में तब और तल्खी आ गई जब सुशांत शेलार ने सीधे सुषमा अंधारे को निशाने पर लिया। दरअसल, अंधारे ने इस चुनाव में अभिनेत्री नीलम शिरके के उतरने और महायुति के दखल की आलोचना की थी। शेलार ने नीलम शिरके का बचाव करते हुए कहा कि वे शुरुआत से ही मराठी रंगमंच और अभिनय के क्षेत्र में सक्रिय रही हैं और उन्हें चुनाव लड़ने का पूरा संवैधानिक अधिकार है।
हर बात में राजनीति ढूंढना ठीक नहीं
सुषमा अंधारे पर तीखा तंज कसते हुए शेलार ने कहा, “नीलम जी एक स्थापित अभिनेत्री हैं, इसलिए वे मैदान में हैं। अगर आपको इतनी ही तकलीफ है, तो सुषमा जी आप खुद भी अभिनय करना शुरू कर दीजिए, खुद को बड़ी अभिनेत्री समझकर अपना भी नामांकन पत्र दाखिल कर दीजिए, आपको किसने रोका है? हर बात में राजनीति ढूंढना ठीक नहीं है।” इस तीखे पलटवार के बाद अब कोल्हापुर से लेकर मुंबई तक मराठी फिल्म जगत और राजनेताओं के बीच जुबानी जंग और तेज होने की उम्मीद है।
