BMC Elections Result: 227 वार्ड में भाजपा-शिवसेना की मजबूत शुरुआत, ठाणे में शिंदे गुट आगे
Municipal Election Results Live 2026: मुंबई में भाजपा-शिंदे गठबंधन को बढ़त, पुणे और नागपुर में 'कमल' का कमाल। धारावी में कांग्रेस की पहली जीत।
- Written By: प्रिया जैस
वोटिंग जारी (सौजन्य-सोशल मीडिया, कंसेप्ट फोटो)
Municipal Corporation Live Updates: मतों की गिनती शुक्रवार सुबह शुरू होने के बाद शुरुआती रुझानों के अनुसार, बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और उसकी सहयोगी शिवसेना आगे हैं। राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से हालांकि कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई, लेकिन टीवी चैनलों ने बताया कि मुंबई के 227 वार्ड में से 16 में भाजपा आगे है जबकि उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना 10 वार्ड में आगे है।
मतों की गिनती सुबह 10 बजे शुरू हुई। करीब दो दशक बाद साथ आए ठाकरे चचेरे भाई मुंबई में सत्तारूढ़ गठबंधन से पीछे हैं। उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) 10 और राज ठाकरे के नेतृत्व वाली महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) छह सीट पर आगे है। विभिन्न टीवी चैनल की खबरों के अनुसार, शिंदे का गढ़ माने जाने वाले ठाणे में उनकी पार्टी 131 वार्ड में से नौ में आगे है जबकि भाजपा छह वार्ड में आगे है।
NCP 14 सीटों पर आगे
पुणे में भाजपा अपनी सहयोगी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) पर हावी नजर आई। भाजपा 165 वार्ड में से 32 में आगे है जबकि उपमुख्यमंत्री अजित पवार के नेतृत्व वाली राकांपा 14 सीट पर आगे है। ‘एग्जिट पोल’ (चुनाव बाद सर्वेक्षण) में बृहस्पतिवार को हुए 29 नगर निगमों के चुनाव में सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन की भारी जीत का अनुमान जताया गया है।
सम्बंधित ख़बरें
ऑनलाइन लूडो ऐप पर दोस्ती शादी का वादा, घर से 10 लाख लेकर फरार हुई SSC छात्रा, इंस्टाग्राम से मिला सुराग
छगन भुजबल का दिल्ली जाना तय, भतीजे को राज्य में मिलेगा मंत्रिपद, फडणवीस के साथ मुलाकात के बाद हलचल तेज
‘पैसों से नहीं प्यार से जीती जाती है जनता’; सुप्रिया सुले के हॉर्स ट्रेडिंग के आरोप पर सीएम फडणवीस का पलटवार
‘राम भरोसे मत रहिए’, इन्फ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स में देरी, ठेकेदारों-अधिकारियों पर फूटा सीएम फडणवीस का गुस्सा
अधिकारियों के अनुसार, बीएमसी के चुनाव में 52.94 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया जो 2017 में हुए 55.53 प्रतिशत मतदान से कम है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) का वार्षिक बजट 74,400 करोड़ रुपये से अधिक है। यहां चार साल की देरी के बाद चुनाव कराए गए। ये 2022 में शिवसेना के विभाजन के बाद पहले बीएमसी चुनाव हैं।
पुणे और पिंपरी-चिंचवड में स्थानीय गठबंधन
मौजूदा उपमुख्यमंत्री शिंदे 2022 में पार्टी के अधिकतर विधायकों के साथ पार्टी से अलग हो गए थे और भाजपा के साथ गठबंधन कर मुख्यमंत्री बने थे। अविभाजित शिवसेना का देश की सबसे अमीर नगर निकाय संस्था पर 25 वर्षों (1997-2022) तक दबदबा रहा।
यह भी पढ़ें – कहीं भिड़े प्रत्याशी…तो कहीं मतदाता की हुई मौत, छावनी बना उत्तर नागपुर, विदर्भ के मनपा चुनाव में मचा बवाल
चुनाव से पहले एक अहम राजनीतिक घटनाक्रम में उद्धव और राज ठाकरे पिछले महीने साथ आए, वहीं राकांपा के प्रतिद्वंद्वी धड़ों ने पुणे और पिंपरी-चिंचवड में स्थानीय गठबंधन किया। इन नगर निगमों के चुनाव कई वर्षों के अंतराल के बाद कराए गए जबकि इनमें से अधिकतर के कार्यकाल 2020 से 2023 के बीच समाप्त हो गए थे।
इनमें से नौ नगर निगम मुंबई महानगर क्षेत्र (एमएमआर) में आते हैं। जिन नगर निगमों में मतदान हुआ, उनमें मुंबई, छत्रपति संभाजीनगर, नवी मुंबई, वसई-विरार, कल्याण-डोंबिवली, कोल्हापुर, नागपुर, सोलापुर, अमरावती, अकोला, नासिक, पिंपरी-चिंचवड, पुणे, उल्हासनगर, ठाणे, चंद्रपुर, परभणी, मीरा-भायंदर, नांदेड़-वाघाला, पनवेल, भिवंडी-निजामपुर, लातूर, मालेगांव, सांगली-मिरज-कुपवाड, जलगांव, अहिल्यानगर, धुले, जालना और इचलकरंजी शामिल हैं।
(एजेंसी इनपुट के साथ)
