लाडकी बहिन योजना (सोर्स: सोशल मीडिया)
Ladki Bahin Yojana Budget Cut: महाराष्ट्र सरकार की मुख्यमंत्री लाडकी बहिन योजना के तहत शुरुआत में लगभग 2 करोड़ 53 लाख महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही थी। उस समय इस योजना के लिए करीब 45 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया था। लेकिन अब पात्रता की जांच के बाद बड़ी संख्या में महिलाएं योजना से बाहर हो सकती हैं।
अधिकारियों के अनुसार लगभग 1 करोड़ 5 लाख महिलाएं निर्धारित मानकों पर खरी नहीं उतर रही हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष के बजट में केवल करीब 1.48 करोड़ लाभार्थियों के लिए 26,500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। यानी पिछले वर्ष की तुलना में इस बार योजना के बजट में करीब 19 हजार करोड़ रुपये की कमी की गई है।
लाडकी बहिन योजना के लिए शुरुआत में कम दस्तावेजों के आधार पर बड़ी संख्या में महिलाओं ने आवेदन किया था और उन्हें कुछ महीनों तक लाभ भी मिला। लेकिन दिसंबर 2024 से पात्रता की विस्तृत जांच शुरू की गई। इस जांच के बाद अनुमान है कि करीब 1 करोड़ 5 लाख महिलाएं अपात्र घोषित हो सकती हैं।
इस योजना में परिवार की वार्षिक आय 2.5 लाख रुपये से कम होना जरूरी है। अब ई-केवाईसी के जरिए परिवार की वास्तविक आय का सत्यापन किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि कई महिलाओं ने आगे की कार्रवाई से बचने के लिए अभी तक ई-केवाईसी नहीं कराया है।
यह भी पढ़ें:- राज ठाकरे ने रायगड़ किले से फूंका MNS के सदस्यता अभियान का बिगूल, 19 मार्च को शिवाजी पार्क में शक्ति प्रदर्शन
सरकार ने ई-केवाईसी कराने की अंतिम तारीख 31 मार्च तय की है। 1 अप्रैल से केवल वही महिलाएं हर महीने 1500 रुपये की सहायता प्राप्त करेंगी, जो सभी पात्रता मानदंडों को पूरा करती होंगी। जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी प्रसाद मिरकले ने बताया कि सभी लाभार्थियों की आंगनवाड़ी सेविकाओं के माध्यम से जांच की गई है और पात्र महिलाओं को ही आगे योजना का लाभ दिया जाएगा।