टोल प्लाजा (सोर्स: AI)
Digital Payment At Toll: महाराष्ट्र के राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों पर सफर करने वाले वाहन चालकों के लिए आज की सुबह एक बड़ा आर्थिक झटका लेकर आई है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) और महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास निगम (MSRDC) ने राज्य के प्रमुख टोल नाकों पर दरों में 3 से 5 प्रतिशत की बढ़ोतरी कर दी है। यह नई दरें 1 अप्रैल से पूरे राज्य में प्रभावी हो गई हैं।
इस वृद्धि का सबसे बड़ा असर पुणे-मुंबई एक्सप्रेसवे, सोलापुर-पुणे हाईवे और राज्य के अन्य व्यस्ततम मार्गों पर पड़ेगा। मिली जानकारी के अनुसार, NHAI के लगभग 70 और MSRDC के 35 प्रमुख टोल प्लाजा पर नई रेट लिस्ट लगा दी गई है। कार, बस, ट्रक और भारी मालवाहक वाहनों सहित सभी श्रेणियों के लिए शुल्क बढ़ा दिए गए हैं।
टोल की बढ़ी हुई दरों के साथ-साथ प्रशासन ने एक और बड़ा बदलाव किया है। अब महाराष्ट्र के टोल नाकों पर नकद भुगतान को पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया है। यात्रा को सुगम बनाने और समय की बचत के लिए अब केवल FASTag, UPI या अन्य डिजिटल माध्यमों से ही भुगतान स्वीकार किया जाएगा। यदि किसी वाहन में फास्टैग सक्रिय नहीं है या उसमें पर्याप्त बैलेंस नहीं है, तो चालक को नियमानुसार दोगुना जुर्माना या डिजिटल माध्यम से तुरंत भुगतान करना होगा।
यह भी पढ़ें:- रुपाली चाकणकर दूसरे दिन भी नहीं हुईं पेश; SIT ने बदली रणनीति, अब खुलेंगे अशोक खरात के बड़े राज?
महंगाई के दौर में टोल की इन बढ़ती कीमतों ने आम जनता और लॉजिस्टिक सेक्टर की चिंता बढ़ा दी है। यात्रा महंगी होने से न केवल व्यक्तिगत जेब पर असर पड़ेगा, बल्कि माल ढुलाई की लागत बढ़ने से आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में भी उछाल आ सकता है।