Eknath Shinde statement (सोर्सः सोशल मीडिया)
Maharashtra Budget: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने राज्य के बजट को सामाजिक संवेदनशीलता के साथ अर्थव्यवस्था को गति देने वाला बताया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस द्वारा पेश किया गया बजट ग्रामीण और शहरी महाराष्ट्र के सर्वसमावेशी विकास का स्पष्ट विज़न प्रस्तुत करता है।
शिंदे ने कहा कि एक ओर किसानों के लिए कर्जमाफी और “मुख्यमंत्री माझी लाडकी बहिण योजना” जैसी योजनाओं को जारी रखते हुए महायुती सरकार ने अपना वादा निभाया है। राज्य के गांवों और शहरों को बेहतर सड़क, मेट्रो, जलमार्ग और हवाई संपर्क से जोड़कर अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।
उपमुख्यमंत्री ने अहिल्यादेवी होलकर किसान कर्जमाफी योजना को सरकार का “मास्टरस्ट्रोक” बताया। इस योजना के तहत पात्र किसानों को 2 लाख रुपये तक की कर्जमाफी मिलेगी। 30 सितंबर 2025 तक बकाया फसल ऋण वाले किसानों को इसका लाभ मिलेगा, जबकि नियमित रूप से ऋण चुकाने वाले किसानों को 50 हजार रुपये तक की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। उन्होंने कहा कि इससे यह स्पष्ट होता है कि महायुती सरकार किसानों के साथ मजबूती से खड़ी है।
🏹 LIVE पत्रकारांशी संवाद 📍 मुंबई https://t.co/vVcTKNxaAZ — Eknath Shinde – एकनाथ शिंदे (@mieknathshinde) March 6, 2026
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री माझी लाडकी बहिण योजना के लिए भी बजट में प्रावधान किया गया है और सरकार इस योजना को और प्रभावी ढंग से लागू कर महिलाओं को सशक्त बनाएगी। उन्होंने कहा कि समय आने पर लाडली बहनों को 2100 रुपये देने का भी लक्ष्य है।
शिंदे के अनुसार बजट में राज्य के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया है। इसके तहत सड़क, मेट्रो, जलमार्ग और हवाई अड्डों को जोड़ने वाला व्यापक नेटवर्क तैयार किया जाएगा। मुंबई महानगर क्षेत्र में 20 लाख झोपड़ीधारकों के पुनर्विकास और 10 लाख किफायती घरों के निर्माण की योजना भी बनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि बजट में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) आधारित कृषि को बढ़ावा देने और सरकारी योजनाओं में तकनीक के व्यापक उपयोग पर जोर दिया गया है, जिससे आम नागरिकों का जीवन अधिक सरल और सुविधाजनक बनेगा।
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि हिंदुहृदयसम्राट बाल ठाकरे की जन्मशताब्दी के अवसर पर राज्य में जनकल्याण से जुड़े कई कार्यक्रम भी शुरू किए जाएंगे। साथ ही सरकार 75 हजार रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया भी शुरू करेगी, जिससे युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे।
उन्होंने कहा कि पर्यटन, उद्योग और सेवा क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए भी बजट में कई योजनाएं शामिल की गई हैं। अटल सेतु के आसपास “तीसरी मुंबई” विकसित करने की योजना से मुंबई महानगर क्षेत्र की आर्थिक ताकत और बढ़ेगी। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था को 5 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचाने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लक्ष्य में महाराष्ट्र की महत्वपूर्ण भूमिका होगी और यह बजट उसी दिशा में आगे बढ़ने का संकेत देता है।