मुंबई लोकभवन में सुरक्षाकर्मी ने खुद को मारी गोली, कोल्हापुर SRPF जवान की मौके पर मौत, जांच में जुटी पुलिस
Mumbai Lok Bhavan SRPF Constable Suicide: मुंबई के लोकभवन में ड्यूटी पर तैनात SRPF जवान कौस्तुभ सांगले ने सर्विस गन से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
- Written By: अनिल सिंह
महाराष्ट्र लोकभवन में SRPF जवान ने की खुदकुशी (फोटो क्रेडिट-X)
SRPF Constable Suicide Lok Bhavan Mumbai: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई के अति-सुरक्षित क्षेत्र में स्थित महाराष्ट्र लोकभवन से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात स्टेट रिजर्व पुलिस फोर्स (SRPF) ग्रुप 16, कोल्हापुर के एक कॉन्स्टेबल ने कथित तौर पर अपनी ही सर्विस राइफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
इस आत्मघाती कदम के बाद पूरे लोकभवन परिसर और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। घटना की जानकारी मिलते ही मालाबार हिल पुलिस स्टेशन की एक विशेष टीम तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
शिफ्ट बदलने के दौरान रूम में मिला खून से लथपथ शव
पुलिस सूत्रों से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक जवान की पहचान कौस्तुभ सांगले के रूप में हुई है, जो शाम 6:00 बजे से रात 9:00 बजे की सुरक्षा शिफ्ट में तैनात थे। कौस्तुभ की ड्यूटी लोकभवन के महत्वपूर्ण टावर 2 पर लगाई गई थी, जहां सुरक्षा नियमों के मुताबिक हर 3 घंटे में सुरक्षाकर्मियों की शिफ्ट बदली जाती है।
सम्बंधित ख़बरें
मुंबई: पवई झील के पास दरगाह के नजदीक दिखा 7 फीट लंबा मगरमच्छ, वन विभाग ने सुरक्षित किया रेस्क्यू
महाराष्ट्र में 5 दिनों तक मानसून की आफत: मुंबई-ठाणे में येलो अलर्ट, पुणे-रायगढ़ के घाटों के लिए ऑरेंज अलर्ट
Telangana Murder Case: पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति को टॉयलेट क्लीनर का इंजेक्शन देकर मारा
मुंबई में लोकल ट्रेनें ठप: वसई-विरार ट्रैक डूबा, 300mm बारिश से रेल सेवा प्रभावित, CSMT समेत स्टेशनों पर भारी
इस घटना का खुलासा तब हुआ जब रात 9:00 बजे कौस्तुभ को ड्यूटी से रिलीव करने के लिए उनका एक सहकर्मी वहां पहुंचा। सहकर्मी ने जब बैरक के एक रूम नुमा हिस्से में कौस्तुभ का खून से लथपथ शव देखा, तो उसके होश उड़ गए। उसने तुरंत इसकी सूचना अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को दी।
एसएलआर राइफल से चलाई 7.62 MM की गोली
वारदात की गंभीरता को देखते हुए मुंबई पुलिस के कानून और व्यवस्था विंग के जॉइंट कमिश्नर मनोज शर्मा सहित कई आला अधिकारी देर रात ही लोकभवन पहुंच गए। पुलिस ने तुरंत घटनास्थल को पूरी तरह से सील कर दिया और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स को बुलाकर साक्ष्य एकत्र किए।
जांच में सामने आया है कि कौस्तुभ के पास सरकारी ड्यूटी के लिए मिली एक एसएलआर (SLR) राइफल थी, जिससे उन्होंने खुद पर फायर किया। इस राइफल से चली 7.62 MM की एक ही गोली ने उनकी जान ले ली। पुलिस को मौके से या मृतक की तलाशी के दौरान कोई भी सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।
डिप्रेशन और शराब की लत का अंदेशा
चूंकि घटनास्थल से कोई लिखित संदेश या सुसाइड नोट नहीं मिला है, इसलिए आत्महत्या के सटीक कारणों का अभी तक आधिकारिक तौर पर पता नहीं चल सका है। हालांकि, पुलिस के कुछ अंदरूनी सूत्रों का दावा है कि कौस्तुभ सांगले पिछले कुछ समय से गंभीर मानसिक तनाव (डिप्रेशन) से जूझ रहे थे और उन्हें अत्यधिक शराब पीने की लत भी थी।
पुलिस इस बात की भी गहनता से जांच कर रही है कि क्या वे किसी पारिवारिक कलह या कार्यस्थल महाराष्ट्र लोकभवन के अत्यधिक दबाव के कारण परेशान थे। फिलहाल मालाबार हिल पुलिस ने दुर्घटनावश मृत्यु (ADR) का मामला दर्ज कर मृतक के परिजनों और सहकर्मियों से पूछताछ शुरू कर दी है।
