ठाणे: 1 महीने से लापता 15 साल की बच्ची, पड़ोसी युवक पर शक; कापुरबावड़ी पुलिस पर लापरवाही का आरोप

Thane Kapurbawdi News: ठाणे के कापुरबावड़ी से 16 जून से गायब 15 वर्षीय किशोरी का पुलिस अब तक सुराग नहीं लगा पाई है। लाचार परिजनों ने अब अपर पुलिस आयुक्त से न्याय की गुहार लगाई है।
Minor Girl Kidnapping Case Kapurbawdi police station negligence
ठाणे जिले का कापुरबावड़ी पुलिस स्टेशन (सोर्स: सोशल मीडिया)
Updated on

Kapurbawdi Minor Girl Kidnapping Case: महाराष्ट्र के ठाणे शहर स्थित कापुरबावड़ी इलाके से करीब एक महीने पहले संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुई 15 वर्षीय किशोरी का सुराग लगाने में स्थानीय पुलिस पूरी तरह नाकाम साबित हो रही है। खाकी की इस कथित ढिलाई से हताश और परेशान पीड़ित माता-पिता ने अब ठाणे के अपर पुलिस आयुक्त अशोक दुधे का दरवाजा खटखटाया है। परिजनों ने मंगलवार को पुलिस आयुक्त से मुलाकात कर एक लिखित निवेदन सौंपा और अपनी बेटी की सकुशल बरामदगी के लिए न्याय की गुहार लगाई।

क्या है पूरा मामला?

मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना 16 जून 2026 की सुबह करीब पौने सात बजे की है। 15 वर्षीय नाबालिग बच्ची अपनी छोटी बहन के साथ रोजाना की तरह स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी। लेकिन रास्ते से ही वह अचानक रहस्यमयी परिस्थितियों में गायब हो गई। जब काफी देर तक बच्ची वापस नहीं लौटी, तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। अनहोनी की आशंका को देखते हुए परिजनों ने कापुरबावड़ी पुलिस स्टेशन का रुख किया, जहां पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ भादंवि की संबंधित धाराओं के तहत अपहरण का मामला दर्ज कर लिया।

पड़ोसी युवक पर शक, फिर भी खाली हाथ पुलिस

पीड़ित परिवार के परिजनों का आरोप है कि पुलिस इस मामले में कोई दिलचस्पी नहीं ले रही है। पीड़ित परिवार का कहना है कि उनकी 15 साल की लड़की 16 जून को अपनी छोटी बहन के साथ घर से स्कूल के लिए निकली थी। लेकिन आज तक वापस नहीं आई। उन्होंने पड़ोस में रहने वाले एक युवक का नाम भी पुलिस को बताया जो उसी दिन से गायब है, जिस दिन से वह बच्ची गायब हुई है।

पीड़ित परिवार ने अपर पुलिस आयुक्त से लगाई गुहार

माता पिता का कहना है कि कापुरबावड़ी पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर लिया। करीब 1 माह होने को आया है, लेकिन पुलिस अभी तक खाली हाथ है। कापुरबावड़ी पुलिस द्वारा बरती जा रही लापरवाही को देखते हुए पीड़ित परिवार ने मंगलवार को अपर पुलिस आयुक्त ठाणे अशोक दुधे से मदद की गुहार लगाई है।

क्या कह रही है कापुरबावड़ी पुलिस?

इस संबंध में ठाणे जिले के कापुरबावड़ी पुलिस थाने की वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक मंजूसा भोंगले का कहना है कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है। जल्द ही हम बच्ची को बरामद कर लेंगे। जबकि पिछले 1 माह से नाबालिग बच्ची के गायब होने से उसके माता पिता का बुरा हाल है।

Navbharat Live
navbharatlive.com