मुंबई: बदलते मौसम (Changing Weather) का असर मुंबई (Mumbai) के तापमान (Temperature) पर भी पड़ रहा है। मुंबई में गुरुवार को पारा 38 डिग्री के पार चला गया। मुंबई में पड़ रही भीषण गर्मी से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। मुंबई में पारा 37 डिग्री के पार जाने पर आईएमडी हीट वेब घोषित कर देता है। उसके अनुसार, मुंबई में हीट वेब शुरु हो गई है। मुंबई में पिछले तीन दिनों से पारा 37 डिग्री से ऊपर चल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर भारत में चल रहे लू का असर मुंबई में देखने को मिल रहा है।
मौसम विभाग के उप महानिदेशक के एस होसालीकर के अनुसार सुबह 11.30 बजे सांताक्रुज में पारा 37.2 डिग्री सेल्सियस था, लेकिन दोपहर 1 बजे पारा 38 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। उन्होंने बताया कि मध्य महाराष्ट्र में स्थिति और भी खराब है। पुणे में पारा 41 डिग्री, जबकि विदर्भ में तापमान 45 डिग्री के ऊपर चल रहा है।
होसालिकर ने कहा कि बढ़ती गर्मी के कारण अगले 48 घंटों में महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में बादल गरजने के साथ हल्की बरसात हो सकती। राज्य में अगले पांच दिनों तक हीट वेब जारी रहेगी। हालांकि उसके बाद हीट वेब से थोड़ी राहत मिल सकती है।
आईएमडी मुंबई के अनुसार, महानगर में अधिकतम पार 38 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री दर्ज किया गया है। कुलाबा में अधिकतम तापमान 34.5 और न्यूनतम 26.8 दर्ज किया गया है, जबकि सांताक्रुज में अधिकतम तापमान 37.2 और न्यूनतम 25.8 रिकॉर्ड किया गया है। मौसम विभाग ने लू चलने की चेतावनी दी है। लोगों से लगातार पानी पीने और अपने स्वास्थ्य पर अधिक ध्यान रखने की सलाह दी है।