मुंबई की लोकल ट्रेनों में गुटखे के दाग (pic credit; social media)
Gutkha and Paan Stains ON Mumbai Local Trains: देश की सबसे व्यस्त लोकल ट्रेन नेटवर्क, जो रोजाना लाखों यात्रियों को मंजिल तक पहुंचाती है, अब गुटखा और पान मसाले के दागों से बदरंग हो गई है। स्टेशन के प्लेटफॉर्म से लेकर ट्रेन की दीवारों और सीढ़ियों तक हर जगह लाल छींटों के निशान दिखते हैं, जो न केवल शहर की स्वच्छता पर सवाल उठाते हैं बल्कि यात्रियों के स्वास्थ्य के लिए भी खतरा बनते जा रहे हैं ।
मुंबई में उपनगरीय लोकल में रोजाना करीब 75 लाख यात्री सफर करते हैं, लेकिन कुछ लोग गुटखा और पान मसाला खाने के बाद ट्रेन के कोनों, दरवाजों या प्लेटफॉर्म की दीवारों पर थूक देते हैं। पिछले दो वर्षों में सेंट्रल और वेस्टर्न रेलवे ने कुल 7,807 यात्रियों पर कार्रवाई की और 17 लाख रुपये का जुर्माना वसूला। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि बार-बार चलाए गए स्वच्छता अभियान और चेतावनियों के बावजूद यह गंदी आदत खत्म होने का नाम नहीं ले रही।
इसे भी पढ़ें- मुंबई लोकल पर अब नहीं चलेगा जानलेवा शॉर्टकट, पटरियां पार करना होगा नामुमकिन
गुटखे में मौजूद केमिकल दीवारों के पेंट को खराब करते हैं और बदबू फैलाते हैं। सवाल यह भी है कि जब शहर में गुटखा बिक्री पर प्रतिबंध है, तो स्टेशन के बाहर उसकी खुलेआम बिक्री कैसे जारी है? अधिकारियों के अनुसार, यह एक गैरकानूनी सप्लाई चेन की ओर इशारा करता है जो स्टेशन परिसरों के आसपास सक्रिय है।
रेलवे नियमों के तहत सार्वजनिक स्थानों पर थूकने पर 250 रुपये का जुर्माना तय है। वेस्टर्न रेलवे ने सबसे ज्यादा सख्ती दिखाई और कई स्टेशनों पर रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स और सफाई निरीक्षकों के संयुक्त अभियान चलाए। केवल वित्त वर्ष 2025-26 के पहले छह महीनों में ही उतनी कार्रवाई हुई जितनी पूरे पिछले साल में की गई थी।
सेंट्रल रेलवे इस मामले में पीछे है और उसके आंकड़े वेस्टर्न रेलवे के मुकाबले काफी कम हैं।
रेलवे | 2024 यात्रियों पर कार्रवाई | 2024 जुर्माना (₹) | 2025 यात्रियों पर कार्रवाई | 2025 जुर्माना (₹) | कुल मामले | कुल जुर्माना (₹) |
---|---|---|---|---|---|---|
सेंट्रल रेलवे | 110 | 34,540 | 119 | 37,250 | 229 | 71,790 |
वेस्टर्न रेलवे | 3,758 | 6,84,770 | 3,820 | 9,40,880 | 7,578 | 16,25,650 |
रेलवे अधिकारी चेतावनी दे रहे हैं कि यात्रियों को गुटखा और पान मसाला खाने के बाद थूकने से बचना चाहिए और स्वच्छता नियमों का पालन करना चाहिए, नहीं तो जुर्माना और कार्रवाई बढ़ सकती है।