घाटकोपर मैराथन कार्यक्रम में रितु तावड़े का स्वागत करते आयोजक (फोटो नवभारत)
Ritu Tawde In Ghatkopar Road Marathon: महानगर मुंबई की अत्यंत व्यस्त जिंदगी के बीच सकारात्मक एवं स्वस्थ्य जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए घाटकोपर समृद्धि ग्रुप एवं जीतो संस्था के संयुक्त तत्वावधान में घाटकोपर में सड़क मैराथन का आयोजन किया गया। मुंबई मेयर पद की उम्मीदवार रितु तावड़े स्वयं इस मैराथन में लोगों का उत्साहवर्धन करतीं नजर आईं। बुधवार को मेयर पद ग्रहण करने के पहले रितु तावड़े का यह पहला सार्वजनिक कार्यक्रम था, जिसमें समृद्धि ग्रुप के संस्थापक जितेंद्र मेहता सहित जीतो के पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इस मैराथन में युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों तथा दिव्यांग प्रतिभागियों सहित समाज के विभिन्न वर्गों से बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे मार्ग पर प्रतिभागियों का जोश, अनुशासन और ऊर्जा देखने योग्य रही।
समृद्धि ग्रुप के संस्थापक जितेंद्र भाई मेहता ने कहा कि इस मैराथन से न केवल खेल भावना को बढ़ावा दिया, बल्कि समाज में स्वास्थ्य, अनुशासन और सकारात्मक जीवनशैली का सशक्त संदेश भी दिया। यह आयोजन केवल प्रतिस्पर्धा तक सीमित नहीं रहा, बल्कि सामूहिक सहभागिता और आत्मबल को प्रोत्साहित करने वाली एक प्रेरणादायक पहल साबित हुआ।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों की सुरक्षा, ट्रैफिक प्रबंधन और अन्य व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया गया। आयोजन को सफल बनाने में जीतो घाटकोपर टीम, स्वयंसेवकों एवं सहयोगी संस्थाओं का योगदान रहा। विभिन्न श्रेणियों के विजेताओं को सम्मानित किया गया तथा सभी प्रतिभागियों के उत्साहवर्धन हेतु प्रमाणपत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए।
यह भी पढ़ें:- चंद्रपुर मेयर चुनाव में हो गया खेला! BJP ने ठाकरे से मिलाया हाथ, कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी फिर भी सत्ता से दूर
समृद्धि ग्रुप और जीतो घाटकोपर की इस पहल को स्थानीय नागरिकों, सामाजिक संगठनों एवं जनप्रतिनिधियों से भरपूर समर्थन और सराहना मिली। आयोजकों ने भविष्य में भी इसी तरह के समाजोपयोगी, स्वास्थ्यवर्धक एवं प्रेरणादायक कार्यक्रमों के आयोजन का संकल्प व्यक्त किया।
बता दें कि भाजपा ने रितु तावड़े को मुंबई मेयर पद के लिए उम्मीदवार नामित किया गया है। वहीं शिवसेना नेता संजय शंकर घाड़ी उपमहापौर के लिए गठबंधन के उम्मीदवार हैं। रितु मुंबई भाजपा की दूसरी महापौर होंगी।