निकाय चुनाव के बीच CM फडणवीस ने संजय राउत से की मुलाकात, तस्वीर से मची सियासी हलचल

Maharashtra Politics मुंबई में सीएम देवेंद्र फडणवीस और सांसद संजय राउत की मुलाकात हुई। सीएम ने राउत की सेहत पूछी। इस मुलाकात के सियासी हलकों में चर्चा का बाजार गर्म है।
Devendra Fadnavis Met Sanjay Raut
मुंबई में फडणवीस और संजय राउत की मुलाकात की तस्वीर (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

CM Devendra Fadnavis Meet Sanjay Raut: महाराष्ट्र में 2 दिसंबर को नगर परिषद और नगर पंचायत चुनावों के लिए मतदान हुआ। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच गहमागहमी देखने को मिली। इसी बीच मंगलवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और शिवसेना (उद्धव गुट) के सांसद संजय राउत की मुलाकात चर्चा का विषय बन गई। इस मुलाकात के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया।

फडणवीस और राउत की मुलाकात ने खींचा ध्यान

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और सांसद संजय राउत की यह मुलाकात मुंबई में मंगलवार (2 दिसंबर) को राजेश नार्वेकर के बेटे के विवाह समारोह के दौरान हुई, जो संजय राउत के समधी हैं। इस समारोह में कई प्रमुख राजनीतिक चेहरे शामिल हुए। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के अलावा भाजपा नेता आशीष शेलार समेत अन्य कई वरिष्ठ नेता भी वहां उपस्थित थे। समारोह के दौरान, शिवसेना (उद्धव गुट) के सांसद संजय राउत और देवेंद्र फडणवीस की मुलाक़ात स्वाभाविक रूप से हुई। हालांकि, दोनों नेताओं की तस्वीरें सामने आने के बाद यह मुलाकात तुरंत ही राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गई।

सीएम ने पूछा राउत की सेहत का हाल

मुलाकात के दौरान, सीएम फडणवीस ने सबसे पहले संजय राउत की तबीयत के बारे में जानकारी ली। यह जानकारी इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि कुछ ही दिन पहले संजय राउत ने सोशल मीडिया पर बताया था कि उन्हें एक गंभीर बीमारी का पता चला है। डॉक्टरों ने उन्हें सख्त आराम करने और सार्वजनिक कार्यक्रमों से कम से कम दूरी बनाए रखने की सलाह दी थी।

अपनी बीमारी के बाद, संजय राउत ने खुद कहा था कि वे कुछ समय के लिए सार्वजनिक जीवन से दूर रहेंगे। हालांकि, उम्मीद से कहीं तेजी से स्वास्थ्य लाभ होने के कारण, वे हाल के दिनों में सीमित कार्यक्रमों में उपस्थित होने लगे हैं। विवाह समारोह में उनकी मौजूदगी भी उनके स्वास्थ्य लाभ की इसी प्रक्रिया का हिस्सा थी।

शिष्टाचार तक सीमित रही बातचीत

राजनीतिक पंडितों के बीच इस मुलाकात को लेकर अटकलें लगना स्वाभाविक था, खासकर शिवसेना (UBT) और भाजपा के बीच चल रहे सियासी तनाव के माहौल में। हालांकि, सूत्रों के मुताबिक यह मुलाकात पूरी तरह एक पारिवारिक कार्यक्रम के दौरान हुई और यह सिर्फ शिष्टाचार तक सीमित रही। दोनों नेताओं के बीच बातचीत भी मुख्य रूप से स्वास्थ्य और सामान्य हालचाल पर ही आधारित थी।

Navbharat Live
navbharatlive.com