

मुंबई स्थित सरकारी आवास वर्षा में आयोजित कार्यक्रम में पदभार स्वीकार किया।
फडणवीस को अध्यक्षीय सनद और स्काउट स्कार्फ प्रदान किया गया।
संगठन की उपाध्यक्ष प्रतिभा पांड्या ने सदस्य संख्या 80 लाख से अधिक बताई।
संगठन के विस्तार के लिए पहुंच, गुणवत्ता और गौरव के तीन सिद्धांत तय किए गए।
National President Of Bharat Scouts And Guides: मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को भारत स्काउट्स एंड गाइड्स का 13वां राष्ट्रीय अध्यक्ष सर्वसम्मति से चुना गया है। मुंबई स्थित मुख्यमंत्री के सरकारी आवास वर्षा में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी स्वीकार की। इस अवसर पर फडणवीस ने कहा कि देश में वर्तमान में संगठन के करीब 80 लाख सदस्य हैं। अब संगठन की सदस्य संख्या बढ़ाकर पांच करोड़ तक पहुंचाने का लक्ष्य पूरा किया जाएगा।
महाराष्ट्र राज्य के मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी व्यक्ति का चरित्र सेवा और अनुशासन से बनता है। देश का भविष्य इस बात पर निर्भर करता है कि उसकी युवा पीढ़ी किस तरह के संस्कार और विचार अपनाती है। भारत स्काउट्स एंड गाइड्स बच्चों और युवाओं में सेवा, अनुशासन तथा राष्ट्र और समाज के प्रति समर्पण की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है।
यह संगठन देश के भविष्य को सुरक्षित और मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभा रहा है। फडणवीस ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने का संकल्प लिया है। इस लक्ष्य को हासिल करने में बच्चों और युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होगी।
यदि बच्चों को सही उम्र में अच्छे संस्कार दिए जाएं तो वे आगे चलकर समाज और राष्ट्र का नेतृत्व करने में सक्षम बनेंगे। उन्होंने संगठन के पदाधिकारियों और स्वयंसेवकों से सेवा, अनुशासन, राष्ट्रीय चरित्र और नैतिक मूल्यों से युक्त युवा पीढ़ी तैयार करने के लिए मिलकर काम करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में संगठन की उपाध्यक्ष प्रतिभा पांड्या ने नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया। उन्होंने बताया कि पिछले 76 वर्षों से शिक्षकों, स्वयंसेवकों और अभिभावकों के योगदान से संगठन का विस्तार हुआ है और इसकी सदस्य संख्या 80 लाख से अधिक हो चुकी है। उन्होंने कहा कि संगठन के विस्तार के लिए पहुंच, गुणवत्ता और गौरव के तीन प्रमुख सिद्धांतों पर काम किया जाएगा।
इसके तहत ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को शहरी बच्चों के समान अवसर उपलब्ध कराने के साथ प्राथमिक उपचार, आपदा प्रबंधन और नेतृत्व क्षमता का प्रशिक्षण दिया जाएगा। संगठन के पदाधिकारियों और स्वयंसेवकों की समस्याओं का समाधान भी प्राथमिकता से किया जाएगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस को भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के 13वें राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में अध्यक्षीय सनद और स्काउट स्कार्फ प्रदान किया गया। कार्यक्रम में उपाध्यक्ष प्रतिभा पांड्या, मुख्य राष्ट्रीय आयुक्त डॉ. के.के. खंडेलवाल, अतिरिक्त मुख्य राष्ट्रीय आयुक्त एम. ए. खालिद, राष्ट्रीय आयुक्त (स्काउट) मनीष कुमार मेहता, अतिरिक्त अंतरराष्ट्रीय आयुक्त मधुसूदन अवला और डीएएन ग्रुप के प्रबंध निदेशक सनी पांड्या सहित संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित थे।