फडणवीस को महाराष्ट्र ही प्यारा…कहा-दिल्ली अब भी बहुत दूर, 2029 तक बना रहूंगा मुख्यमंत्री
Devendra Fadnavis: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बुधवार को कहा कि वह 2029 तक अपने वर्तमान पद पर बने रहेंगे और सत्तारूढ़ गठबंधन के घटकों में कोई बदलाव नहीं होगा।
- Written By: आंचल लोखंडे
दिल्ली अब भी बहुत दूर... 2029 तक महाराष्ट्र का मुख्यमंत्री बना रहूंगा, फडणवीस (सौजन्यः सोशल मीडिया)
Mumbai News: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बुधवार को कहा कि वह 2029 तक अपने वर्तमान पद पर बने रहेंगे और सत्तारूढ़ गठबंधन के घटकों में कोई बदलाव नहीं होगा। फडणवीस ने राष्ट्रीय राजनीति में उनकी भूमिका के बारे में पूछे गए सवाल पर कहा, ‘‘जहां तक मैं अपनी पार्टी को जानता हूं…दिल्ली अभी बहुत दूर है। मैं 2029 तक महाराष्ट्र का मुख्यमंत्री बना रहूंगा।” वह दिवाली के अवसर पर मुंबई स्थित अपने सरकारी आवास ‘वर्षा’ में संवाददाताओं से बातचीत कर रहे थे।
फडणवीस ने स्पष्ट किया कि मौजूदा सत्तारूढ़ गठबंधन में कोई बदलाव नहीं होगा, जिसमें भाजपा, एकनाथ शिंदे नीत शिवसेना और अजित पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) शामिल हैं। उन्होंने कहा, ‘‘न तो कोई नया साझेदार बनेगा और न ही साझेदारों की अदला-बदली होगी।” भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता ने स्थानीय निकाय चुनावों से पहले राज्य की मतदाता सूची में विसंगतियों का आरोप लगाने के लिए विपक्ष को आड़े हाथ लिया। स्थानीय निकाय चुनाव 31 जनवरी, 2026 तक पूरे होने हैं।
राजनीतिक नेताओं के साथ सौहार्दपूर्ण संबंध
फडणवीस 2019 में पांच साल का कार्यकाल पूरा करने वाले पहले गैर-कांग्रेसी मुख्यमंत्री हैं। पिछले साल विधानसभा चुनाव के बाद उनकी राज्य के शीर्ष पद पर वापसी हुई थी। इस साल की शुरुआत में मुख्यमंत्री आधिकारिक बंगले में रहने आए। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके मन में राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों के प्रति कोई कटुता नहीं है। फडणवीस ने कहा, ‘‘2024 के विधानसभा चुनावों के बाद राजनीतिक स्थिरता को देखते हुए, मुझे विश्वास है कि (नेताओं के बीच) सौहार्द्र वापस आएगा। इससे पहले, 2019 के विधानसभा चुनावों के बाद राजनीतिक अस्थिरता के कारण, राजनीतिक नेताओं के बीच दुश्मनी जैसी स्थिति थी। मेरे 99 प्रतिशत राजनीतिक नेताओं के साथ सौहार्दपूर्ण संबंध हैं।”
सम्बंधित ख़बरें
कोई तीसरा व्यक्ति किसी राजनीतिक दल को नहीं तोड़ सकता
महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के प्रमुख राज ठाकरे और शिवसेना (उबाठा) प्रमुख उद्धव ठाकरे के स्थानीय निकाय चुनावों के लिए एक साथ आने की अटकलों पर फडणवीस ने कहा, ‘‘अगर राज ठाकरे कहते हैं कि मैं मराठी के मुद्दे पर दोनों भाइयों को करीब लाया, तो मैं इसे एक प्रशंसा के रूप में लेता हूं।” उन्होंने कहा, ‘‘पहले, दलों को तोड़ने के लिए मेरी आलोचना की जाती थी। कोई तीसरा व्यक्ति किसी राजनीतिक दल को नहीं तोड़ सकता। केवल महत्वाकांक्षाएं और अन्याय ही पार्टियों को तोड़ सकते हैं।”
ये भी पढ़े: PMRDA की 230 गांवों में सीवेज नेटवर्क और एसटीपी योजना की तैयारी, गंदे पानी का निकलेगा समाधान
बिहार विधानसभा चुनाव के लिए फडणवीस स्टार प्रचारक
फडणवीस ने उम्मीद जताई की कि स्थानीय निकाय चुनाव के बाद भी ठाकरे बंधु साथ बने रहेंगे। उन्होंने साथ ही कहा कि ‘ठाकरे ब्रांड’ का अभिप्राय केवल शिवसेना संस्थापक दिवंगत बाल ठाकरे हैं और कोई नहीं है। एकनाथ शिंदे को परेशान करने के लिए राज और उद्धव ठाकरे के बीच समझौता कराने के आरोपों के बारे में पूछे गए सवाल पर फडणवीस ने कहा, ‘‘जैसे मेरे राज के साथ संबंध हैं, वैसे ही शिंदे से भी संबंध हैं।” भाजपा ने बिहार विधानसभा चुनाव के लिए फडणवीस को अपना स्टार प्रचारक बनाया है।
महायुति’ राजनीतिक रूप से समझदारी भरा गठबंधन करेगा
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्वी राज्य में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के लिए माहौल अच्छा दिख रहा है। उन्होंने दावा किया कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खिलाफ कोई सत्ता विरोधी लहर नहीं है। महाराष्ट्र मंत्रिमंडल में फेरबदल के सवाल पर फडणवीस ने कहा कि कोई मंत्री अक्षम नहीं है। उन्होंने कहा, ‘‘हम जल्द सरकार का एक साल पूरे करेंगे और प्रदर्शन की समीक्षा की जाएगी।” फडणवीस ने कहा कि स्थानीय निकाय चुनाव के लिए ‘महायुति’ राजनीतिक रूप से समझदारी भरा गठबंधन करेगा।
(एजेंसी इनपुट के साथ)
